: आगरा में जल्द बनेगा इंडोर स्टेडियम, मंडलायुक्त ने प्रस्ताव बनाने के दिये निर्देश
Fri, Feb 2, 2024
आगरा. लघु सभागार में मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त द्वारा सर्वप्रथम इंटीग्रटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि 43 जंशन पर लगे सभी स्मार्ट सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। उनसे उच्च गुणवत्ता का डेटा मिल रहा है। स्मार्ट कैमरे से जनित होने वाले ई चालान से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान कर लिया गया गया है। मंडलायुक्त महोदया ने निर्देश दिये कि सभी कैटेगरी में ई चालान होने चाहिए। आरएफआईडी सिस्टम को भी पूर्ण सक्रिय बनाया जाए। अन्य सिस्टम एवं कंपोनेंट से जुड़े सभी सॉफ्टवेयर को भी इंटीग्रेटेड करने के निर्देश दिये। स्मार्ट सिटी के समस्त प्रोजेक्ट्स के मद में होने वाले व्यय एवं बैलेंस शीट का अवलोकन किया गया।
आगरा स्मार्ट सिटी के सभी प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदया ने निर्देश दिये कि निर्धारित समय पर सभी प्रोजेक्ट्स को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करायें, जिन प्रोजेक्ट्स पर कार्य धीमा चल रहा है, संबंधित एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाए। आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए मंडलायुक्त ने सदर लाईब्रेरी को विकसित करने और शहर में एक इंडोर स्टेडियम बनाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने एवं स्टेडियम के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिये। ताजमहल के पास डिस्पेंसरी बनाने हेतु एनओसी से संबंधित सभी कार्यवाही जल्द पूर्ण करने को निर्देशित किया।
ताजगंज एबीडी क्षेत्र में सेंट्रल वर्ज पर प्लांटेशन और सैफ्टी मार्किंग का कार्य पूर्ण करने को कहा। ई टॉयलेट में खराब इलेक्ट्रॉनिक सेंसर को अभी तक बदले न जाने पर नाराजगी जताई। हेरिटेज वॉक पर वॉल पेंटिंग, साइनेज लगाने का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने, पर्यटकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार प्रसार एवं ऑनलाइन बुकिंग हेतु मेरा आगरा एप व बुक माई शो से कनेक्ट करवाने के निर्देश दिये। 24 घंटे जलापूर्ति और एबीडी क्षेत्र में सीवरेज सिस्टम विकसित के कार्य को इसी माह में पूर्ण करने के निर्देश दिये। बस शेल्टरों पर रूट-टाइम डिस्प्ले बोर्ड लगाकर बस शेल्टरों को पूर्ण सक्रिय बनाने को कहा। स्थानीय लोगों व पर्यटकों की रुचि के अनुसार पब्लिक बाईसाइकिल शेयरिंग सिस्टम के अंतर्गत साइकिलों की संख्या चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने एवं आज सब्जी मंडी, फतेहाबाद रोड़ पर शुरू हुए चार्जिंग स्टेशन के अलावा अन्य 9 लोकेशन पर भी स्टेशन विकसित करने के निर्देश दिये।
शहर में चलने वाली इलेक्ट्रिक बस और उनसे होने वाली प्रतिमाह आय की भी मंडलायुक्त महोदया द्वारा समीक्षा की गयी। इलेक्ट्रिक बस मैनेजमेंट की खराब परफॉर्मेंस और लगातार आय में आ रही गिरावट पर मंडलायुक्त ने नाराजगी दिखाई। पिछले 3 महीने में खराब प्रदर्शन एवं साल की सबसे कम आय प्राप्ति पर संबंधित एजेंसी को नोटिस भेजने को कहा। इलेक्ट्रिक बसों में लगातार चेकिंग स्टाफ द्वारा चेकिंग की जाने के निर्देश दिये। प्रोपर मॉनिटरिंग न किये जाने, बस में टिकट न काटने अथवा बेटिकट यात्रा करते हुए यात्रियों के पकड़े जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैक लिस्ट में डालने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आय बढ़ाने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक बस के रूटों में परिवर्तन करते हुए पब्लिक डिमांड के हिसाब से 6 नये रूटों पर बस चलाने की स्वीकृति मंडलायुक्त महोदया द्वारा दी गयी। पर्यटन भ्रमण कराने वाली होप ऑन होप ऑफ बसों को लेकर निर्देश दिये कि पर्यटकों को ध्यान में रखकर उनमें और सुविधाएं बढ़ाई जाएं। प्रचार प्रसार किया जाए एवं ऑनलाइन बुकिंग हेतु माय आगरा एप से कनेक्ट किया जाए।
: रानी पद्मावती अवॉर्ड 2024 का भव्य आयोजन 4 फरवरी को
Fri, Feb 2, 2024
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर
आगरा। रानी पद्मावती अवार्ड का आयोजन 4 फरवरी 2024 को राव कृष्ण पाल सिंह ऑडिटोरियम, आर बी एस कॉलेज आगरा में सुबह 11 बजे से किया जायेगा, इसी संदर्भ में संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती मनीषा सिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का में विशेष रूप से क्षत्रिय महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, मुख्य अतिथि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, सांसद भोपाल मध्य प्रदेश एवं संरक्षिका युवरानी अपराजिता कुमारी किला अवागढ़ उपस्थित रहकर सभी क्षत्राणियों का उत्साह वर्धन करेंगी।
संयोजिका ने बताया कि इस अवसर पर क्षत्रिय समाज की उन क्षत्राणी महिलाओं को जिन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए विशेष योगदान के लिए संस्था की ओर से उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘रानी पद्मावती अवार्ड वर्ष-2024’ से सम्मानित किया जा रहा है, निमंत्रण पत्र के माध्यम से अधिक से अधिक क्षत्रिय परिवारों को जोड़ा जा रहा है। अभी तक संस्था द्वारा जिन को सम्मानित किया जाना तय हुआ है वे हैं:- उन्नति सिसोदिया (आईसीएसई, ऑल इंडिया गोल्ड मेडलिस्ट 2023, ऑल इंडिया स्कूल गेम्स में प्रतिभाग 2024), आस्था सिकरवार (यूपी माध्यमिक राज्यस्तरीय विद्यालय में स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक 2 बार), राधा परमार (पत्नी - शहीद रवि सिंह परमार), शहीद पृथ्वी सिंह चौहान की मां सुशीला चौहान, दिव्या सिकरवार (पिता राजपाल सिंह सिकरवार वर्तमान एटा एसडीएम), प्रतिभा सिंह (पुत्री अनिल कुमार सिंह नारखी फिरोजाबाद), एकता चौहान (पुलिस इंस्पेक्टर), रेखा चौहान (दुग्ध संघ अध्यक्ष आगरा मंडल) आदि।
इस अवसर पर विशेष उपस्थिति रही विजय पाल सिंह चौहान, मीना राघव, नेत्र पाल सिंह चौहान, अंबिका सिकरवार आदि।
: अंतरिम बजट: कॉर्पाेरेट स्टार्टअप को मिलेगा लाभ, सौर ऊर्जा पर दिया बल
Fri, Feb 2, 2024
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी द्वारा पेश किया गया अंतरिम बजट 2024 एक मिला-जुला बजट रहा। वित्त मंत्री ने अपने बजट में पूर्व वर्षों में किए गए कार्यों का व्याख्यान किया। अंतरिम बजट होने के कारण टैक्स दरों में कोई बदलाव नहीं किए गए अर्थात टैक्स पेयर्स को कोई खास छूट प्रदान नहीं की गई। वित्त मंत्री ने बजट 2024 के माध्यम से टैक्स पेयर्स को वही छूट प्रदान की जो उन्होंने बीते वर्षों में प्रदान की थी जैसे कि नई कर प्रणाली में 7 लाख रुपए तक की छूट पूर्ण रूप से दी गई थी, उसमे कोई परिवर्तन नहीं किया गया।
सी.एस. भरत हासानी ने कहा कि सरकार द्वारा बजट 2024 के माध्यम से कॉर्पाेरेट स्टार्टअप्स को कुछ लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई और पेंशन फंड के निवेश को बढ़ाने का साहस दिखाया गया। इसके साथ ही 31 मार्च 2024 को समाप्त हो रही आईएफएससी इकाइयों की आय पर कर छूट को 31 मार्च.2025 तक बढ़ाया गया है। कंपनियों के मामले में मौजूद कॉरपोरेट टैक्स जो कि 22% और नए मैनुफेक्चरर्स कंपनियों के लिए 15% था, उसे ही सामान रखा गया, जिससे व्यापारिक संबंधों को स्थिरता मिले।
आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए बजट में, किसान, युवा, स्वास्थय, महिला और सौर ऊर्जा पर बल दिया गया। एक करोड़ परिवारों को 300 यूनिट नि:शुल्क बिजली रूफटॉप सोलराइजेशन द्वारा प्रदान करना, किसान उत्थान के लिए आधुनिक तकनीक और डेयरी उद्योग के उत्थान के लिए योजनाओं के साथ कुल मिलाकर अंतरिम बजट एक मिला-जुला चुनावी बजट के रूप में प्रस्तुत हुआ।