श्रीजगन्नाथ मंदिर : 21 हजार दीपों से जगमगाया श्रीजगन्नाथ मंदिर, लक्ष्मी-नरसिंह स्वरूप में विराजे भगवान
Pragya News 24
Mon, Nov 23, 2026
आगरा। आस्था और भक्ति के प्रकाश से कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर देव दीपावली (बैकुण्ठ चतुर्दशी) पर अलौकिक आभा से जगमगा उठा। मंदिर परिसर में 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया। दीपों की झिलमिलाती रोशनी, रंग-बिरंगी रंगोलियों और पारंपरिक अल्पनाओं ने पूरे मंदिर परिसर को दिव्य स्वरूप प्रदान किया। मंदिर के आसपास का क्षेत्र भी दीपों की रोशनी से आलोकित नजर आया। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ ने वर्ष में एक बार दर्शन देने वाले लक्ष्मी-नरसिंह स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए।
इस्कॉन मंदिर, आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार बैकुण्ठ चतुर्दशी के दिन गज-ग्राह लीला में भगवान श्रीहरि के परम भक्त गजराज को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। इसी कारण इस दिन दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीजगन्नाथ वर्ष में केवल एक बार इस दिन लक्ष्मी-नरसिंह स्वरूप में दर्शन देते हैं। भगवान का यह दिव्य स्वरूप भक्तों को आशीर्वाद और अभय प्रदान करने वाला माना जाता है।
भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम की अलौकिक छवि के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन को हरि और हर अर्थात भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की उपासना से भी विशेष रूप से जोड़ा जाता है।

संध्या आरती के बाद मंदिर परिसर में हरे रामा, हरे कृष्णा महामंत्र का संकीर्तन हुआ। मृदंग और मंजीरों की मधुर धुन पर सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए। संकीर्तन के उपरांत सामूहिक रूप से 21 हजार दीपों का दान एवं प्रज्ज्वलन किया गया। दीपों की जगमगाहट और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा, अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन