श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 : श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा ने मोहा जनमानस का मन, 50 से अधिक झांकियों ने बिखेरी आस्था की छटा
Pragya News 24
Mon, Nov 23, 2026
आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला परिसर से भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान के दिव्य स्वरूपों का स्वागत किया और आरती उतारकर अपनी आस्था प्रकट की। भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर इस शोभायात्रा ने नगरवासियों का मन मोह लिया। आकर्षक धार्मिक एवं सामाजिक संदेशों से सजी 50 से अधिक झांकियों के दर्शन के लिए मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भगवान की आरती उतारकर किया। शोभायात्रा में खाटू श्याम जी, पीतांबरा माता, नरसिंह अवतार, कारागार में श्रीकृष्ण जन्म, सुदामा के चरण पखारते भगवान श्रीकृष्ण, चीरहरण प्रसंग और भोलेनाथ सहित अनेक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इसके साथ ही विद्युत शवदाह गृह को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर आधारित झांकियों के माध्यम से जनजागरण का संदेश भी दिया गया। शोभायात्रा के अंतिम भाग में फूलों से सजा भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के दिव्य स्वरूप विराजमान थे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ की आरती उतारी और दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
गौशाला परिसर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरीघाट, छत्ता बाजार, दरेसी नंबर दो, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, सेवका बाजार, फुलट्टी, छिलीईंट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और पथवारी होते हुए बेलनगंज पहुंची। इसके बाद पुनः गौशाला परिसर में पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ।
इस अवसर पर गिर्राज बंसल, शेखर गोयल, विजय रोहतगी, शोभायात्रा संयोजक बृजेश अग्रवाल, अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, मनोज बंसल (चैंबर अध्यक्ष), सचिन सारस्वत, आशु रोहतगी, पंकज मोहन, अनंत उपाध्याय, विष्णु कुमार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह शोभायात्रा ब्रज की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत स्वरूप है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, लोकमंगल और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की परंपरा को इस आयोजन ने नई ऊर्जा प्रदान की है। शोभायात्रा ने आगरा की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक चेतना को भी भव्य अभिव्यक्ति दी।
श्रीकृष्ण-रुक्मिणी के हाथों में रचेगी मेहंदी
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत 24 नवंबर को शाम 6 बजे से रुक्मिणी मंगल लीला का मंचन किया जाएगा। इससे पूर्व प्रातः 10 बजे वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी जी का मेहंदी समारोह आयोजित होगा।
25 नवंबर को लगेगा रक्तदान शिविर
श्रीकृष्ण लीला समिति की ओर से 25 नवंबर को प्रातः 10 बजे से लीला स्थल गौशाला परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। समिति के महामंत्री विजय रोहतगी ने रक्तदान करने के इच्छुक लोगों से समिति के पदाधिकारियों के पास अपना पंजीकरण कराने की अपील की है।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन