Mon 23 Nov 2026
Breaking News Exclusive
गुरुनानक जयंती पर प्रिल्यूड में गूंजा मानवता और समानता का संदेश द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा से गूंजा प्रिल्यूड का मंच, रजत जयंती पर दिखी भारतीय संस्कृति की झलक 21 हजार दीपों से जगमगाया श्रीजगन्नाथ मंदिर, लक्ष्मी-नरसिंह स्वरूप में विराजे भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा ने मोहा जनमानस का मन, 50 से अधिक झांकियों ने बिखेरी आस्था की छटा आगरा में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 6.81 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की वायरल होने से ज्यादा जरूरी विचारवान होना, जन कला मंच की गोष्ठी में सोशल मीडिया पर मंथन कंस के अत्याचारों का हुआ अंत, कान्हा ने मथुरा में फिर स्थापित किया धर्मराज सात बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान, लायंस क्लब प्रयास ने धूमधाम से कराया सामूहिक विवाह एत्मादपुर में लगेगी भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा, सीटू चौहान ने की घोषणा रविवार से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 6.81 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की

सूचना

Pragya News 24 is News Blog to Providing all over News of World.

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल : द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा से गूंजा प्रिल्यूड का मंच, रजत जयंती पर दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

आगरा। शिक्षा, संस्कार, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के अद्भुत संगम के बीच प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा का रजत जयंती वार्षिकोत्सव शनिवार, 21 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय के 25 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित इस समारोह की थीम ‘द्वादश ज्योतिर्लिंगम् – ज्ञान ज्योति के 25 स्वर्णिम वर्ष’ रही। कार्यक्रम में 544 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात प्रगतिशील किसान एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत श्री सेठपाल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अमय साठे उपस्थित रहे। विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, शलब गुप्ता, ईशा गुप्ता एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के म्यूजिक मेलोडी और स्कूल बैंड ‘अक्स’ की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन, स्कूल कैबिनेट द्वारा विद्यालय गीत एवं भक्तिमय संगीत प्रस्तुति ने वातावरण को गरिमामय और आध्यात्मिक बना दिया। इसके पश्चात विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गतिविधियों और प्रगति पर आधारित सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

समारोह में नन्हे विद्यार्थियों की ‘शिवोहम’ प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, द्वादश ज्योतिर्लिंगों पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों की महिमा के साथ जीवनोपयोगी संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सोमनाथ से साहस, मल्लिकार्जुन से पारिवारिक प्रेम, महाकालेश्वर से समय का महत्व, ओंकारेश्वर से एकता, केदारनाथ से दृढ़ संकल्प, भीमाशंकर से धर्म की रक्षा, काशी विश्वनाथ से ज्ञान, त्र्यंबकेश्वर से आत्मशुद्धि, बैद्यनाथ से सेवा, नागेश्वर से निर्भयता, रामेश्वरम से कर्तव्यनिष्ठा तथा घृष्णेश्वर से विनम्रता और समर्पण का संदेश दिया गया।

विद्यालय की 25 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसमें विद्यालय की स्थापना से लेकर वर्तमान उपलब्धियों तक के सफर को भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया। एक अन्य विशेष प्रस्तुति में विद्यार्थी अनिक खंडेलवाल ने विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता की भूमिका निभाते हुए उनके व्यक्तित्व, विचारों, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति समर्पण को अपने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से जीवंत कर दिया।

मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री सेठपाल सिंह ने अपने संबोधन में कृषि क्षेत्र में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रकृति संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर नई कृषि पद्धतियां विकसित करने, किसानों को नवाचार के लिए प्रेरित करने तथा कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2022 में पद्मश्री सम्मान प्राप्त किया है। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को कम लागत में अधिक उत्पादन, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रकृति से जुड़ने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और जीवन में नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के 25 वर्ष केवल एक शैक्षणिक संस्थान की विकास यात्रा नहीं, बल्कि हजारों सपनों, संकल्पों, उपलब्धियों और संस्कारों की यात्रा है। विद्यालय का विश्वास है कि ज्ञान तभी सार्थक होता है, जब उसके साथ संस्कार, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्य भी जुड़े हों।

प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है।

इस अवसर पर शैक्षणिक एवं विभिन्न सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों का भी विशेष अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘मूल्यांजलि’ की प्रस्तुति और भव्य ग्रैंड फिनाले ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा एक से बारहवीं तक के विद्यार्थियों शमित, आद्रिका, अर्नव, कायशा, आद्या, ऐना, प्रीतिशा, वैष्णवी, हेमंत, गौरांगी, इशिता, पावी, शुभ, कैफ़ एवं श्रुति ने किया।

विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह, शिक्षकों की रचनात्मकता, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय प्रबंधन के दूरदर्शी नेतृत्व ने रजत जयंती समारोह को अविस्मरणीय बना दिया। यह आयोजन प्रिल्यूड की 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, संस्कारों और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का भी उत्सव बनकर सामने आया।

Tags :

Agra News

Pragya News

Uttar Pradesh News

UP News

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन