: जिले में क्षय रोग के उन्मूलन के लिए जागरूकता रैली का आयोजन
Mon, Sep 9, 2024
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम: एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान का आगाज
रैली निकालकर एसीएफ अभियान का हुआ शुभारंभ, 20 सितंबर तक चलेगा अभियान
आगरा। जिले में 9 से 20 सितंबर तक राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम तहत एक्टिव केस फाइंडिंग (एसीएफ) अभियान का आगाज हो गया है। अभियान के सफल क्रियान्वयन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जागरूकता रैली का आयोजन आयोजन किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने रैली को हरी झंडी दिखाकर एसीएफ अभियान का शुभारंभ किया ।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि एक्टिव केस फाइंडिंग का आयोजन 9 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षय रोग के एक्टिव मामलों की पहचान करना और उन्हें उचित उपचार प्रदान करना है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है क्योंकि आप जागरूक होंगे तो समाज जागरूक होगा टीबी से बचाव के लिए जागरूकता बहुत जरूरी है । सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए और लोगों को क्षय रोग के उन्मूलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। अपने आसपास के लोगों को भी अवश्य जागरूक करें । स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके घर आए तो लक्षणों के आधार पर सही जानकारी अवश्य प्राप्त कराए और टीमों का सहयोग करें जिससे कोई भी संभावित टीबी मरीज उपचार से वंचित न रहे ।
बांझपन की समस्या से जूझ रहीं महिलाएं भी कराएं जांच
डीटीओ ने बताया कि वह महिलाएं भी अपनी टीबी की जांच कराएं जो बांझपन की समस्या से जूझ रही हैं, ऐसी महिलाओं को भी टीबी होने का खतरा बढ़ जाता है। यदि आपको दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी आ रही है या बुखार की समस्या है, बलगम में खून आता है, भूख कम लगती और वजन तेजी से कम हो रहा है, रात में पसीना आता, गले में कोई गांठ (लिम्फनोड) है। ऐसे में एसीएफ अभियान के दौरान घर पर दस्तक देने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम को जानकारी जरूर दें। आपको टीबी हो सकती है। अधिक जानकारी के लिये सम्पर्क करें राष्ट्रीय टोल फ्री नम्बर 1800116666
संभावित क्षय रोगियों को खोजे जाने हेतु क्षय रोग के लक्षण
दो सप्ताह से अधिक खाँसी
दो सप्ताह से अधिक बुखार
बलगम में खून आना
भूख में कमी
वजन का कम होना
रात में पसीना आना
गले में गांठ (लिम्फनोड)
महिलाओं में बांझपन की समस्या इत्यादि
: नवोदय ने किया राजा दशरथ और राजा जनक का अभिनन्दन
Mon, Sep 9, 2024
आगरा : भारत विकास परिषद् 'नवोदय' ने प्राचीन परंपरा कायम रखते हुए राजा दशरथ व राजा जनक-माता सुनयना का भव्य अभिनन्दन सोमवार को अतिथिवन पर किया। कार्यक्रम की शुरुआत नवोदय के संरक्षक प्रदीप अग्रवाल, विजय अग्रवाल, आरएस गुप्ता नितेश अग्रवाल, डा.अमित सिंघल, अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता राम भाई, सचिव नितिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रजनीश गुप्ता एवं महिला संयोजिका रेखा राज अग्रवाल द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गयी।
अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता उर्फ राम भाई ने कार्यक्रम ने संचालन करते हुए कहा कि आगरा की श्रीरामबरात एवं जनकपुरी महोत्सव आगरा में नहीं अपितु उत्तर भारत में अपनी अलग पहचान रखती हैं। इस परम्परा को भविष्य में आगे लेन हेतु जो प्रयास समाज के उत्तरदायी लोगो द्वारा किया जा रहा हैं, उन्ही लोगो का सम्मान बढ़ाने के लिए यह स्वागत समारोह आयोजित किया गया है । राजा दशरथ संतोष शर्मा एवं राजा जनक प्रमोद वर्मा का साफा पहनाकर एवं श्रीफल भेट कर उनका अभिनन्दन किया व महारानी सुनयना मंजू वर्मा का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया। आगरा की प्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव में वे तन मन धन से अपना सहयोग हमेशा ही देते रहे है और आगे भी देते रहेंगे। राजा जनक व राजा दशरथ ने पुरे नवोदय परिवार को अपने सभी कार्यक्रम में आने का निमंत्रण भी दिया |
ये बोले राजा जनक व राजा दशरथ
राजा जनक ने कहा कि यह मेरे पिछले जन्म के पुण्यो का फल है कि जगत जननी माता जानकी का पिता बनने का सौभाग्य मिला है और यह अलौकिक अनुभव है। वही राजा दशरथ ने कहा कि मर्यादा परुषोत्तम प्रभु राम व उनके तीनो भाइयो का पिता बनने का जो मौका मुझे मिला है यह भगवान राम की ही कृपा है। इस अवसर पर संयोजक पिंटू भाई, नीरज जैन,राजकुमार, प्रवीन, गौरव बंसल हरिनारायण चतुर्वेदी,संजय गुप्ता,राजीव गोयल,नीरज मित्तल,संजीव गुप्ता, दीपक भार्गव शशि, अलका,निधि मंजू, रौनक, प्रीति कुसुम, ज्योति पारूप आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे |
: साढे छह करोड़ से बहेगी जनकपुरी में विकास की गंगा
Mon, Sep 9, 2024
50 लाख की लाइट के अलावा सीवर, नाली, सड़कों किया जाएगा दुरुस्त
श्रद्धालुओं को सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षित किया जाएगा कोठी मीना बाजार का नाला
आगरा। नगर निगम कोठी मीना बाजार, शाहगंज क्षेत्र में सज रही जनकपुरी में 6 करोड़ के विकास कार्य कराएगा। जिसका शिलान्यास आज मेयर हेमलता दिवाकर ने विधि विधान के साथ किया। उन्होंने कहा कि 6 करोड़ के विकास कार्यों के अलावा 50 लाख का बजट क्षेत्र में लाइट के लिए पास किया गया है। सियाराम राम के काज में यदि बजट की और आवश्यकता हुई तो उसे भी पूरा किया जाएगा। किसी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मेयर व जनकपुरी आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने राम दरबार के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने मेयर का स्वागत राम नाम का पटका पहनाकर किया। जनकपुरी आयोजन समिति के संयोजक गौरव राजावत व राहुल चतुर्वेदी ने कहा कि समिति द्वारा महापौर को क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव दिए गए थे। जिन्हें स्वीकार किए जाने पर समस्त आयोजन समिति उनका आभार व्यक्त करती है। बताया कि सबसे बड़ी समस्या कोठी मीना बाजार का नाला था, जिसे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकार किया गया है। संयोजक हेमन्त भोजवानी व अनुराग उपाध्याय ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव को लेकर समस्त क्षेत्रीय लोग उत्साहित हैं और सहयोग कर रहे हैं। मेयर द्वारा विकास कार्यों के लोकार्पण से पूर्व आचार्य राहुल रावत ने विधि विधान व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कराया। मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा ने विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। संचालन गौरव राजावत ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सतीश शर्मा, डीके तिवारी, बल्ले भाई, अंकित पटेल, महेश सारस्वत, मनोज वर्मा, अपर नगर आयुक्त सुरेन्द्र यादव आदि मौजूद थे।
जनकपुरी क्षेत्र में होने वाले प्रमुख विकास कार्य
रुई की मंडी फाटक से रुई की मंडी चैराहा से शाहगंज चैराहा तक सड़क निर्माण।
लोहामंडी जोन के तहत जनकपुरी क्षेत्र में आने वाले मार्गों पर डिवायडर की मरम्मत, रंगाई पुताई।
सीडीओ तिराहे से साकेत चैराहे तक दोनों साइड इंटरलाकिंग।
ताज मैरिज कॉम्पलैक्स के सामने जल निकासी के लिए क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत।
साकेत स्कूल के आस-पास हॉटमिक्स से सड़क सुधार।
रुई की मंडी कलारी वाली गली सीसी फर्श व नाली निर्माण।
राजा जनक के निवास गली में इंटरलॉकिंग, टाइल्स द्वारा निर्माण।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सीसी कार्य, सड़क पर पैच वर्क, नालों की दीवारों का निर्माण, नाली व पुलिया निर्माण आदि शामिल रहेंगे।