: हम विवेकानंद हैं जो धर्म के ध्वज गाड़ देते, हम ही अंग्रेजों के सीने बोस बनकर फाड़ देते…
Tue, Jan 23, 2024
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में किया गया नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद
श्री चित्रगुप्त परिषद् युवा शाखा ने किया पराक्रम दिवस पर कवि सम्मेलन का आयोजन
आगरा। भारत की स्वतंत्रता के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की की जयंती “पराक्रम दिवस” और अयोध्या धाम में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर श्री चित्रगुप्त परिषद आगरा, युवा शाखा द्वार अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में आयोजित कवि सम्मेलन का आरंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर और नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। पदम गौतम ने मां विमल पद्मासने हमें ज्ञान की गंगा देदो… सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम संयोजक मोहित सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद देशभर से आये कवियों ने वीर रस और भक्ति रस से ओतप्रोत काव्य रस धारा प्रस्तुत की। एक ओर वीर रस से पगी कविताओं में नेताजी, स्वामी विवेकानंद जी के प्रति शब्दांजलि थी तो दूसरी ओर अयोध्या धाम में पधारे राम लला की भक्ति की उमंग की झलक थी।
फरीदाबाद से आए हास्य कवि विनोद पाल ने भक्ति रस पर आधारित कविता वो जो कल तक कहते थे कि हम देखते हैँ कैसे बनेगा धाम, वो भी कल मुझे कहते मिले जय श्री राम, जय श्री राम… का पाठ जब किया तो समूचा परिसर ही श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
नेताओं पर व्यंग्य करते हुए टूंडला से आए कवि लटूरी लट्ठ ने आज जब मैं किसी को नेता कहता हूं, मांस की ये जीभ मेरी कट फट जाती है… रचना प्रस्तुत की तो सभागार की भरपूर तालियां बटोर लीं।
कवि सम्मेलन का माहौल फिर बदला जब आगरा की कांची सिंघल ने रामा रामा सिया पुकारे राम पुकारे सीता को, जंगल जंगल ढूंढ रहे हैं रामचंद्र मनमीता को… पंक्तियों का पाठ किया और सीता विछोह की विरह वेदना से श्रोता भाव विभोर हो उठे।
कार्यक्रम संयोजक मोहित सक्सेना ने वीर से पगी पंक्तियां हम विवेकानंद हैं जो धर्म के ध्वज गाड़ देते, हम ही अंग्रेजों के सीने बोस बनकर फाड़ देते… का पाठ किया।
अरमानों के फूल खिलाया करता है, वो ख़््वाबों में आया-जाया करता है… श्रंगार रस की इन पंक्तियों का पाठ भरत दीप माथुर ने किया। झांसी से पधारे पंकज अभिराज ने लक्ष्य तक ले जाएगी तुमको ये ठोकर देखना, गिर गये तो क्या, खड़े तुम फिर से होकर देखना… पंक्तियों से युवाओं में उत्साह का संचार किया। जिसने फूलों की सेज छोड़, भारत माता की आह सुनी, हम वीर सुभाष की जय बोलें, जिसने कांटों की राह चुनी… वीरता की ये पंक्तियां धौलपुर के पदम गौतम ने पढ़कर वंदे मातरम की गूंज करवा दी।
इसी क्रम में डॉ पीएन अस्थाना, भरत दीप माथुर, पंकज अधिराज, विनोद पाल, राकेश निर्मल आदि ने काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का संचालन लटूरी लट्ठ ने किया। अध्यक्ष सुभाष सक्सेना, महासचिव अम्बेश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव, समीर सक्सेना, प्रेमचंद अस्थाना, सोनिका सक्सेना, अभिनव कुलश्रेष्ठ, प्रशांत सक्सेना, संजीव सक्सेना, विशाल, आरती सक्सेना, नितिन जौहरी, सुधीर कुलश्रेष्ठ, सुभाष सारस्वत, उमाशंकर शर्मा, उमाशंकर मिश्र, संजय शर्मा, विशाल रायजादा, मीनू आनंद, राकेश शर्मा, आशुतोष, निधि, शुभि पालीवाल, अभिषेक, प्रवेश आदि उपस्थित रहे।
भारत के युवाओं के लिए नेता जी हैं प्रेरणा स्त्रोत
कार्यकम संयोजक मोहित सक्सेना ने बताया कि अद्भुत नेतृत्वशक्ति से नेताजी ने “आजाद हिंद फौज” की स्थापना कर भारत के स्वतंत्रता संघर्ष को दिशा दी थी। उनके जीवन का एक मात्र लक्ष्य भारत की स्वतंत्रता था, जिसके लिए उन्होंने अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। नेताजी का जीवन, उनका देश के प्रति प्रेम और शौर्य देश के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहेगा। युवा को यही संदेश देने हेतु कवि सम्मेलन से पूर्व फतेहाबाद रोड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की प्रतिमा पर श्री चित्रगुप्त परिषद के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण करके उनकी जयंती मनाई व उनके आदर्शाे पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुभाष सक्सेना, अम्बेश श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, नीलेन्द्र श्रीवास्तव, विशाल सक्सेना, मोहित सक्सेना, अरविन्द कुमार सक्सेना, रवि श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहेा।
: 501 दीप प्रज्ज्वलित कर की श्रीराम की महाआरती
Mon, Jan 22, 2024
अग्रवाल युवा संगठन ने महाराजा अग्रसेन चौराहा मदिया कटरा पर आयोजित किया सुन्दरकाण्ड का पाठ, आरती कर प्रसाद वितरण किया
आगरा। ढोलक मंजीरों संग सुन्दरकाण्ड के पाठ में झूमते गाते भक्तजन। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर उद्घाटन अवसर के मौके आज अग्रवाल युवा संगठन द्वारा मदिया कटरा, अग्रसेन चौराहा पर श्रीराम का पूजन किया। 501 दीपों से भव्य महाआरती की गई। सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरण कर श्रीराम मंदिर की खुशी को साजा किया। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, सुरेश चंद्र गर्ग तपन ग्रुप वीरेंद्र अग्रवाल बीके ने श्रीराम की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संगठन के अध्यक्ष श्री गणेश कुमार बंसल संगठन के महामंत्री श्री अम्बुज अग्रवाल कोषाध्यक्ष प्रतीक गोयल, कार्यक्रम संयोजक प्रियाकांत बंसल, राहुल बंसल, विनोद अग्रवाल संजय अग्रवाल लक्ष्मी नारायण गर्ग कुलवंत मित्तल सीताराम अग्रवाल सुभाष गर्ग राजीव खेमका मयंक गर्ग शिवम गर्ग मयंक अग्रवाल अंकित अग्रवाल रामकुमार अग्रवाल अखिल अग्रवाल अनन्या अग्रवाल अभिजीत मोदी अशोक गोयल अमित अग्रवाल निखिल अग्रवाल ललित बंसल प्रवीण अग्रवाल नवीन अग्रवाल जितेंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
: शाहगंज में मना त्रेता युग का दीपोत्सव
Mon, Jan 22, 2024
•
शाहगंज रुई की मंडी, भोगीपुरा बाजार, जोगी पाड़ा, सर्राफा बाजार, तहसील मार्ग स्थित बाजार कमेटियों ने सम्मिलित रूप से किया प्रभु राम की विशाल शोभायात्रा का आयोजन
•
कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने प्रभु श्रीराम की आरती कर किया शुभारम्भ, जगह-जगह शोभायात्रा का हुआ स्वागत, आतिशबाजी
आगरा। कानों में हर तरफ प्रभु श्रीराम धुन की गूंज और नजरों में हर तरफ श्रीराम की छवि से सजा भगवा रंग था। हजारों हाथों में राम नाम के झंडे, सिर पर केसरिया पगड़ी और मुख पर प्रभु श्रीराम के जयकारे। जगमग रोशनी, केसरिया रंग के गुब्बारे और झंडों से समस्त बाजार सजा प्रभु श्रीराम के जयकारों संग रोशनी बिखरेती आतिशबाजी। मानों श्रीराम के लंका से लौटने पर अयोध्या में राममय उत्सव का नजारा हो। त्रेता युग का उत्सव जैसा माहौल आज शाहगंज बाराज से निकली प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा में नजर आया।
शाहगंज, रुई की मंडी, भोगीपुरा बाजार, जोगी पाड़ा, सर्राफा बाजार, तहसील मार्ग स्थित बाजार कमेटियों ने सम्मिलित अध्योध्या में श्रीराम मंदिर के उद्घाटन के उपलक्ष्य में प्रभु राम की विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया।
शोभायात्रा का शुभारम्भ कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, डॉ. शंकरनाथ योगी, योगी जहाजनाथ, योगी रुद्रनाथ ने सम्मलित रूप से प्रभु श्रीराम की आरती कर किया। शोभायात्रा में सबसे आगे थे अगुवाई करते श्वेत अश्व और उनके पीछे संतों का रथ। सिर पर पगड़ी और हाथों में केसरिया झंडे लिए हजारों श्रद्धालु श्रीराम मंदिर के उद्घाटन की खुशी में मानों दीपावली मना रहे थे। शोभायात्रा में मुख्य आकर्षण थी राम दरबार, पंचमुखी हनुमान और धनुष उठाए श्रीराम की झांकी।
शोभायात्रा ने रुई की मंडी रेलवे फाटक स्थित किशोरी देवी स्कूल से प्रारम्भ होकर शाहगंज बाजार, जोगी पाड़ा, भोगीपुरा चौराहा, सर्राफा बाजार, कोठी मीना बाजार, सोरों कटरा, तहसील मार्ग होते हुए ब्राइटलैंड स्कूल पर विश्राम लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कृष्ण कुमार जग्गी, हेमन्त भोजवानी, गौरव राजावत, डॉ. आलौकिक उपाध्याय, ब्रह्मचंद गोस्वामी, संजय अग्रवाल, सुमित सतीजा, रवि गुप्ता, शुभम त्यागी, सुनील करमचंदानी, वासु लालवानी, गुलशन माकन, पंकज, इल्ली भाई, टीकम भाई, मनीष अग्रवाल, मनीष जैन, शैलू शर्मा, सुरेश कुशवाह, घनश्याम मुलानी, आकाश मुलानी, असोक सचदेवा, मनोज निर्मलानी, लखन आदि उपस्थित थे।
हाथों में तलवार और सिर पर भगवा पगड़ी बांध निकली युवतियां
शोभायात्रा में दुर्गा स्वरूपा सैकड़ों युवतियां हाथों में तलवार और सिर पर भगवा पगड़ी बांध कर शामिल हुईं। जय श्रीराम के नारे लगाते हुए युवतियां भारत की उस नारी शक्ति को दर्शा रही थीं जिन्होंने अहिल्या बाई होल्कर, झांसी की रानी के रूप में आक्राताओं के सामने कभी हार नहीं मानी।
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का शुभारम्भ
शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। जगह-जगह लोग हाथों में दीप जलाए श्रीराम की आरती के लिए इंतजार कर रहे हैं। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जगह-जगह मंच सजाए गए। कहीं पूड़ी सब्जी तो कहीं गरम दूध और लड्डूओं का वितरण हो रहा था। भगवा झंडों और गुब्बारों से सजे शोभायात्रा मार्ग में कदम-कदम पर भंडारे हो रहे थे।
शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह सजाई गईं झांकियां
शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह देवी देवताओं की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। शाहगंज चौराहे पर सजा राम दरबार हर श्रद्धालु को लुबा रहा था। प्रभु श्रीराम को हर श्रद्धालु यहां प्रणाम करके ही आगे बढ़ता। राम दरबार के साथ मोदी और योगी की भी झांकी थी। जहां लिखा था अबकी बार 400 पार…।