: पुस्तक मेला हर दिन लिख रहा नई इबारत, कला को मंच और युवा कलमकारों को मिल रही कद्र
Mon, Nov 27, 2023
जीआइसी मैदान में चल रहा है अक्षरा साहित्य आकादमी राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं साहित्य उत्सव
सुबह 10 से रात 10 बजे तक उमड़ रही पुस्तक प्रेमियों की भीड़, बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक पहुंच रहे
दुनियाभर के लेखकों की हर विद्या की पुस्तक उपलब्ध, आगरा के दो लेखकों की पुस्तक का हुआ विमोचन
जीआइसी मैदान में अक्षरा साहित्य अकादमी द्वारा लगाए गए राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं साहित्य उत्सव में अशाेक पचौरी (मध्य में) की पुस्तक का विमोचन करते श्वेता अग्निहोत्री, दीपक सरीन, डॉ विनोद माहेश्वरी, डॉ अनुपम शर्मा, डॉ अंजू शर्मा, श्रुति सिन्हा वत्सला प्रभाकर, आरके कपूर, डॉ माधवी कुलश्रेष्ठ।
आगरा। अच्छी पुस्तक डालती मनभावन संस्कार, चिंतन को आधार दे, करती शुभ्र विचार… अक्षरा साहित्य अकादमी की कोषाध्यक्ष श्रुति सिन्हा ने मंच संचालन करते हुए जब ये पंक्तियां कहीं तो जैसे पूरे पुस्तक मेला का सार कह दिया।
जीआइसी मैदान में लगे अक्षरा साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय पुस्तक मेला और साहित्य उत्सव में इन्हीं मनोभावों के साथ लोग बड़ी संख्या में पहुंच भी रहे हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुति देते लास्या म्यूजिक इवेंट के बच्चे
सोमवार को राष्ट्रीय पुस्तक मेला का आरंभ बाल सत्र से हुआ। जिसमें लास्या म्यूजिक इवेंट की प्रस्तुति हुई। अदिति झा के निर्देशन में बच्चों ने श्रीराम स्तुति, कत्थक तराना, घूमर नृत्य के साथ सुगम गायन की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि मुकेश जैन, विशिष्ट अतिथि डॉ अनुपम शर्मा और डॉ अंजू शर्मा ने बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए आयोजन को शहर के मानसिक और व्यवहारिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति देते लास्या म्यूजिक इवेंट के बच्चे
मुकेश जैन ने कहा कि साहित्य अध्ययन से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। पुस्तक का अध्ययन कल्पनाशक्ति का विस्तार करता है और शब्दकोष को बढ़ाता है। प्रथम सत्र में ही आगरा के दो लेखकों की पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। जीवन को तनाव और बीमारियों से मुक्त रखने की सीख से सजी हेमंत पचौरी की पुस्तक सेंट इन ए सूट और यथार्थ जीवन की घटनाओं से प्रेरित मोहित अग्रवाल की पुस्तक लाइफ सिम्फनी का विमोचन किया गया। सत्र का संचालन श्रुति सिन्हा ने किया। अध्यक्ष डॉ विनोद माहेश्वरी, उपाध्यक्ष वत्सला प्रभाकर, सचिव दीपक सिंह सरीन, आरके कपूर, डॉ माधवी कुलश्रेष्ठ, श्वेता अग्निहोत्री आदि ने सभी का स्वागत किया।
साहित्य और संगीत के नाम रहा दूसरा और तीसरा सत्र
दूसरा सत्र साहित्यिक चर्चा के नाम रहा। आगरा महानगर लेखिका समिति द्वारा साहित्य विमर्श गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि डॉ शैलबाला अग्रवाल, डॉ शशि गोयल और शमी अगाई थे। अध्यक्षता पुष्पा सिंह ने की। तृतीय सत्र में गुनगुनाती जिंदगी के आशीष त्रिपाठी, डॉ रश्मि त्रिपाठी और ललिता करमचंदानी ने लता किशोर मैजिक शाम को अपने स्वर से सजाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति देते लास्या म्यूजिक इवेंट के बच्चे
21 दिन में सीखें तनाव मुक्त जीवन जीना -हेमंत पचौरी
विश्व की पहली हिंग्लिश भाषा पुस्तक सेंट इन ए सूट लिखने वाले हेमंत पचौरी ने बताया कि कोरोना काल ने सबसे बड़ा झटका दिया है तनावपूर्ण जिंदगी का। जीवन में 90 प्रतिशत बीमारी मानसिक तनाव के कारण जन्म लेती हैं। सेंट इन सूट पुस्तक में मोटिवेशन गुरु सुनील पारिख द्वारा बताए गए मन शक्ति विशेष टिप्स हैं। पुस्तक कुल 423 पेज की है। लेखक का दावा है कि लगातार 21 दिन तक पुस्तक का अध्ययन करने से जीवन में व्यवहारिक बदलाव ला सकते हैं।
विचारशील चिंतन है लाइफ सिम्फनी पुस्तक -मोहित अग्रवाल
युवा लेखक मोहित अग्रवाल की लाइफ सिम्फनी पहली पुस्तक है, जिसे उन्होंने अपने 35 वर्ष के जीवन के अनुभव से सीख लेते हुए लिखा है। नॉन फिक्शन की श्रेणी की पुस्तक में जीवनी की सच्ची घटनाओं से प्रेरित होकर उदाहरण देते हुए सीख दी गयी है। विशेष बात है कि पुस्तक का कंटेट सटीक होने के कारण लोकार्पण के साथ ही पुस्तक की बिक्री लगातार हो रही है। 27 अध्यायों में सिमटी पुस्तक में एक अध्याय इच्छा मृत्यु पर भी है।
युवाओं पसंद आ रही बच्चन साहब की जीवनी
पुस्तक मेले में राजपाल एंड संस की स्टॉल पर युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। कारण है पिछले दशकों के रचनाकारों की कालजयी पुस्तकों का संकलन। स्टॉल संचालक नीरज और रोहित ने बताया कि हरिवंश राय बच्चन आज भी युवा पीढ़ी की पहली पसंद बने हुए हैं। उनकी चार भागों में लिखी जीवनी हो या मधुशाला, युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र है। फैज, गालिब, इकबाल, साहिर लुधियानी की शायरी हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी में भी पसंद की जा रही है। वैशाली की नगरवधू खरीदने के लिए भी पुस्तक प्रेमी पहुंच रहे हैं। वहीं 47 भाषाओं में अनूदित जेफरी आर्चर की प्रॉडिगल डॉटर और केन एंड एबल जो भी पसंद की जा रही है। सनातन इतिहास और परंपरा को वैज्ञानिक तरीके से बताती देवदत्त पट्टनायक की महाभारत के योद्धा और शिव के सात रहस्य पूछते हुए भी लोग आ रहे हैं। अमृता प्रीतम की यह कलम यह कागज यह अक्षर और जलते बुझते लोग युवतियों और महिलाओं को पहली पसंद बने हुए हैं।
पीएम मोदी की जीवनी खोजते हुए पहुंच रहे लोग
प्रकाशन विभाग, भारत सरकार के स्टॉल पर भारी डिस्काउंट पर देश का गौरवमय इतिहास बताती पुस्तकों के साथ नरेंद्र मोदी की पुस्तकें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक प्रेमतीर्थ सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है।
पुस्तक मेला में पहुंची साहित्य प्रेमियों की भीड़।
मंगलवार को ये रहेगा विशेष
सचिव दीपक सरीन ने बताया कि पुस्तक मेला के चौथे दिन मंगलवार को बाल सत्र में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल और सेंट एंड्रूज स्कूल के बच्चे अवलोकन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए आएंगे। द्वितीय सत्र में कृष्णा टंडन द्वारा सहज योग के बारे में बताया जाएगा और तृतीय सत्र में अनिल जैन द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं प्रो लवली शर्मा की सितार प्रस्तुति होगी।
: देव दीपावली पर 21 हजार दीपों से जगमगाया श्रीजगन्नाथ मंदिर
Mon, Nov 27, 2023
बैकुण्ड चतुर्दशी पर श्रीजगन्नाथ जी का हुआ लक्ष्मी-नरसिंह रूप में श्रंगार, दीपदान कर श्रीहरि के कीर्तन में झूमें श्रद्धालू
आगरा। श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज हर तरफ श्रृद्धा और भक्ति की रोशनी बिखरी थी। श्रीहरि के जयकारे और हर तरफ प्रज्ज्वलित 21 हजार दीपों की झिलमिलाती रोशनी और सतरंगी फूलों से सजा था श्रीहरि का मंदिर। लक्ष्मी-नरसिंह स्वरूप में भक्तों को आशीर्वाद देने और शांत मुद्रा में श्रृंगारित श्रीजगन्नाथ जी के अलौकिक दर्शन। कुछ ऐसा ही भक्तिमय दृष्य था कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ जी मंदिर में। जहां आज बैकुण्ठ चतुर्दशी (देव चतुर्दशी) महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। सिर्फ मंदिर ही नहीं मंदिर के आस-पास के घर भी दीपों से जगमाते नजर आए।
इस्कॉन मंदिर, आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि आज के दिन ही गज-ग्राह लीला (हाथी और मगर की लीला) में श्रीहरि के परम भक्त गज (हाथी) का बैकुण्ड गमन हुआ था। इसलिए आज दीपदान का विशेष महत्व है। बताया कि श्रीजगन्नाथ जी वर्ष में एक बार ही आज के दिन लक्ष्मी नरसिंह रूप में दर्शन देते हैं। श्रीहरि का यह रूप भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करने वाला है। संध्या आरती के बाद हरे राम, हरे कृष्णा… का मृदंग और मंजीरों पर कीर्तन किया, जिसमें सैकड़ों भक्त श्रीहरि की भक्ति में झूमते रहे। इसके उपरान्त भक्तों द्वारा 21 हजार दीपदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, राहुल बंसल, अशु मित्तल, सुशील अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, त्रिलोक चंद ग्रवाल, अखिल बंसल, विकास बंसल, संजय कुकरेजा, राजीव मल्होत्रा, हर्ष खटाना, अनिल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
: अखंड दयालबाग का अनूठा देव दीपावली उत्सव, कोना− कोना किया सैंकड़ों महिलाओं ने जगमग
Mon, Nov 27, 2023
दयालबाग क्षेत्र में हुई अनोखी पहल, द्वितीय देव दीपावली उत्सव को दिया सनातन धर्म की अखंडता का रूप
आगरा। कार्तिक मास की पूर्णिमा, जिसे देवों की दीपावली के रूप में हर सनातनी द्वारा मनाया जाता है। किसी भी पर्व या उत्सव की विशेषता तब अधिक हो जाती है जब इसे सामूहिक रूप से अखंड रूप में मनाया जाए। दयालबाग क्षेत्र की महिलाओं ने अखंड दयालबाग ग्रुप बनाकर इसी अखंडता का परिचय देते हुए एक सामाजिक संदेश देने की पहल की।
दयालबाग सौ फुटा क्षेत्र में देव दीपावली पर सामूहिक दीपदान करतीं अखंड दयालबाग ग्रुप की सदस्याएं।
रविवार को अपर्णा व्यू अपार्टमेंट से लेकर शीतला अपार्टमेंट तक के डिवाइडर पर सामूहिक दीपदान किया गया। दीपदान का आरंभ बांके बिहारी धाम कॉलोनी से किया गया। अखंड दयालबाग ग्रुप की संयोजिका विनीता मित्तल ने बताया कि देव दीपावली पर गंगा या यमुना नदी के किनारे दीपदान करना सनातन संस्कृति में महत्वपूर्ण माना गया है। कलकल बहती कालिंदी के किनारे सामूहिक दीपदान कर ग्रुप द्वारा एकता का संदेश दिया गया है।
दीपदान आयोजन के लिए दयालबाग क्षेत्र की करीब 50 से अधिक कॉलोनी और अपार्टमेंट की महिलाओं को व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा गया था। रात के अंधियारे को दूर करते हुए दीपक और मोमबत्तियां भी प्रज्वलित की गयी। ग्रुप की सदस्याओं की पहल को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों, ठेले वालों ने भी अपने−अपने प्रतिष्ठान के बाहर दीप जगमग किये।
इस अवसर पर राधा रानी गुप्ता, रुचि सिंघल, प्रेरणा सिंह, आकृति जिंदल, अंजली अग्रवाल, शैली माट्टा, राधिका मित्तल, शुचि माहेश्वरी, श्रद्धा दीक्षित, नीरू कालरा, दीक्षा अग्रवाल, नीता बंसल, सोनल बत्रा, सौम्या गुप्ता, वीरा सक्सेना,दीपा खुराना, नीरू विजय, अनुराधा गुप्ता, क्षमा दुबे, रश्मि चौहान, सरिता उपाध्याय, शिखा गौतम, मधुलिका सिंह, निधि गाबा, रेनू सिंह, रुचि केसरवानी आदि ने दीपदान किया।
दयालबाग सौ फुटा क्षेत्र में देव दीपावली पर सामूहिक दीपदान करतीं अखंड दयालबाग ग्रुप की सदस्याएं।
इन कॉलोनियों ने दिया साथ
दीपदान के आयोजन में बांकेबिहारी धाम, अपर्णा रिवरव्यू, कल्याणी हाइट्स, मंगलम एस्टेट, मंगलम शिला, शीतला अपार्टमेंट, राममोहन विहार, सरला बाग, सरला बाग एक्सटेंशन, एलोरा एंक्लेव, ड्रीम वैली अपार्टमेंट, जयराम बाग, तुलसी विहार, कृष्णा बाग, खंदारी, नीरज नगर, मीना एंक्लेव आदि का सहयोग रहा।