: आंखें भर आई, होंठ कंपकपाए, गूंज उठा शुभम अमर रहे
Mon, Jan 29, 2024
•
अमर शहीद पर हुई फिल्म रिलीज, देशभक्ति के तरानों से गूंजा प्रेक्षागृह
आगरा। आंखें सजल हो उठीं, होठ कंपकपाने लगे, शीश गर्व से ऊंचा उठा और देशभक्ति के तरानों से माहौल राष्ट्रभक्ति का हो गया। जैसे ही अमर शहीद कैप्टन शुभम पर डाक्यूमेंट्री फिल्म रिलीज करने के लिए बटन दबाया गया, भारत माता के जय घोष गूंज उठे।
तिरंगे झंडों से सजाए गए सूरसदन प्रेक्षागृह में आज का माहौल बिलकुल अलग था। शहर के ही नहीं, कई नगरों के गणमान्य जन मौजूद रहे। कार्यक्रम में उ प्र बोर्ड, अप्सा, नप्सा इत्यादि संस्थाओं से जुड़े स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट अपने देश के गौरव कैप्टन शुभम के जीवन पर केंद्रित फिल्म देखने के लिए उतावले थे। केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, इटावा सांसद प्रोफेसर राम शंकर कठेरिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं ने आरए मूवीज द्वारा निर्मित लघु फिल्म अभी मैं जिंदा हूं मां, के बटन को आन किया, वैसे ही देशभक्ति की धुन के साथ फिल्म शुरू हो गई। शुभम के बचपन से लेकर उसकी शहादत को उसमें दर्शाया गया था। सैकड़ों दर्शकों में कोई ऐसा न था, जिसकी आंखें न भर आई हो। बीच-बीच में अमर शहीद शुभम अमर रहे, भारत माता की जय हो के उदघोष होते रहे। 40 मिनट की फिल्म कब पूरी हो गई, पता ही नहीं चला। फिल्म के समापन होने के बाद भी उद्घघोषों की लड़ी लगी रही।
इसके साथ ही प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायक डॉ जी एस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विजय शिवहरे व पूर्व महापौर नवीन जैन द्वारा बटन दबाकर यह फिल्म यूट्यूब चैनल Bharat ka bioscope पर भी जारी कर दी गई।
कार्यक्रम में प्रख्यात पार्श्व गायिका सुजाता शर्मा ने ‘ए मेरे वतन के लोगो’ और गायक मो. रईस ने ‘कर चले हम फ़िदा जान-ओ-तन साथियो, अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो...’ गीत सुना कर माहौल में राष्ट्रभाव का ज्वार उठा दिया। इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता और दीपक खरे ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत में वंदे मातरम का गायन भारत विकास परिषद की श्रीमती गुंजन अग्रवाल, अंजू सिंघल, पूनम सिंघल, कामना सारस्वत, नीलिमा शर्मा, पूजा अग्रवाल, आयुषी भटनागर, दीपा गर्ग, निहारिका अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम में इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म के बारे में फिल्म निर्माता विजय सामा एवं निर्देशक हेमंत वर्मा ने जानकारी दी। निर्माता रंजीत सामा ने इस विषय पर ‘ऑपरेशन राजौरी’ नाम से एक फीचर फिल्म बनाने की घोषणा भी की। इनका व गीतकार संजय दुबे का सम्मान भी किया गया। कैप्टन शुभम गुप्ता की मां पुष्पा गुप्ता एवं पिता बसंत गुप्ता का उपस्थित जनसमूह की ओर से अभिनंदन किया गया। फिल्म देखकर कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता डीजीसी बसंत गुप्ता और उनके परिजन शुभम की बचपन की यादों में खो गए।
कार्यक्रम का संचालन डा.तरुण शर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ केशव दत्त गुप्ता ने किया। कार्यक्रम संयोजक प्रमोद सिंघल और मीडिया प्रभारी ऋषि अग्रवाल रहै।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद सहित आगरा की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं समर्पण ब्लड बैंक, माथुर वैश्य महासभा, लायंस क्लब, संस्कार भारती, पंजाबी एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन, श्री क्षेत्र बजाज कमेटी, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद, श्री गिरिराज सेवक मंडल परिवार इत्यादि संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में सर्वश्री राजीव अग्रवाल, हरि नारायण चतुर्वेदी, विनय सिंह, डॉ कैलाश चंद्र सारस्वत, विनय सिंघल, अखिलेश भटनागर, राजेश गोयल, बबलू लोधी, राजीव गुप्ता, ऋषभ गुप्ता, धर्म गोपाल मित्तल, तपन अग्रवाल, चंद्रवीर सिंह, रोहित पुरी, पुष्पेंद्र सिसोदिया, प्रशांत अग्रवाल इत्यादि की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
: 10 किमी के दूसरे प्रोमो का एकलव्य स्टेडियम से हुआ शुभारम्भ, हॉफ मैराथन 3 मार्च को
Mon, Jan 29, 2024
•
करिअप्पा रोड होते हुए लाला किला, ताजमहल पश्चिमी गेट, सर्किट हाउस होते हुए पूरी की दौड़
•
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा 3 मार्च को आयोजित होगी 21 किमी की हॉफ मैराथन, हजारों लोग लेंगे भाग, तीन घंटा होगा कटऑफ टाइम
आगरा। 3 मार्च को आयोजित होने जा रही 21 किमी की हॉफ मैराथन को लेकर इतना उत्साह कि 10 किमी की दौड़ निर्धारित समय दो घंटे से पहले ही अधिकतम धावकों ने पूरी कर ली।
मुख्य अतिथि एयरफोर्स कमान्डर एसके गुप्ता ने भी दौड़ में हिस्सा लिया। जैसे जैसे धावक 10 किमी की दौड़ को पूरा कर स्टेडियम लौटे उनका स्वागत ढोल नगाड़ों से किया गया। लगभग 800 - 1000 धावकों संग भारतीय सेना, वायु सेना, और एनसीसी के मेजर शंभू पांडे, कैप्टन शीला बहन और रेणुका भी शामिल थे। दौड़ का शुभारंभ एयर कमोडोर सतीश कुमार गुप्ता, डॉ मुकेश गोयल (अध्यक्ष आईएमए), डॉ प्रदीप गुप्ता (मैनेजिंग डायरेक्टर-नेमीनाथ होम्योपैथिक एवम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज) और डॉ पंकज महेंद्रू (उपाध्यक्ष कैंटोनमेंट बोर्ड), फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने सम्मलित रूप से फीता काटकर और झंडा दिखाकर किया।
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा 3 मार्च को पहली बार आगरा में आयोजित होने जा रही 21 किमी की हॉफ मैराथन के लिए लोगों में काफी उत्साह है। मैराथन के 10 किमी के दूसरे प्रोमो में आज लगभग एक हजार से अधिक धावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। 10 किमी दौड़ एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर करिअप्पा रोड होते हुए लाला किला, ताजमहल पश्चिमी गेट, शाहजहां गार्डन, सर्किट हाउस मार्ग से होते हुए पुनः स्टेडियम पर समाप्त हुई।
प्रबंधन आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा किया गया, रूट मैनेजमेंट गौरव यादव, गोपाल अग्रवाल, प्रमोद कुमार कटारा, तुषार आनंद, महावीर, जय यादव, प्रदीप यादव, परमजीत सिंह, रजिस्ट्रेशन ड्राइव श्री गोविन्द प्रसाद शर्मा, संकल्प वशिष्ठ, विकास, शिवानी लालवानी, इशू कुलश्रेष्ठ की टीम ने किया। वॉर्म अप और जुंबा दुर्गेश और योगा दीदी कल्पना सिंह ने कराया। डॉ राघवेंद्र दुबे, डॉ मनोज यादव, डॉ अरविंद यादव, अभिषेक पेंगोरिया, देवेंद्र यादव, उमेश यादव और डॉ. राशि गुप्ता आदि लोगों का भी सहयोग रहा।
ये रहे विजेता
पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान दिनेश, द्वितीय स्थान कृष्णा और तृतीय स्थान संजय यादव ने प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रथम स्थान संजना राजोरिया, द्वितीय स्थान पूजा और तृतीय स्थान पल्लवी ने प्राप्त किया। सभी विजेता धावकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
3 मार्च को 21 किमी की होगी हॉफ मैराथन
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा 3 मार्च को 21 किमी की हॉफ मैराथन का आयोजन एकलव्य स्टेडियम से किया जाएगा। फाउंडेसन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि 12 वर्ष की उम्र से अधिक हर व्यक्ति हॉफ मैराथन में हिस्सा ले सकता है। शहरवासियों में मैराथन को लेकर काफी उत्साह है, यह बात अभी तक आयोजित दो प्रोमो में नजर आयी। जल्दी ही फरवरी माह में लोगों को प्रोत्साहित करने उद्देश्य से तीसरा प्रोमो आयोजित किया जाएगा। इस दौड़ मैं भाग लेने के लिए रजिस्टर करें www.agrasportsfoundation.org अथवा +91 8126640855 पर कॉल /व्हाट्सएप कर सकते हैं।
: शास्त्रीपुरम सुनारी में होगा ग्यारह दिवसीय 108 कुण्डीय महायज्ञ
Mon, Jan 29, 2024
परम पूज्य संत श्री कीर्तिनाथ महाराज के सानिध्य में जेसीबी चौराहा, शास्त्रीपुरम सुनारी में होगा यज्ञ, लाखों लोग बनेंगे साक्षी
आगरा। गौ पूजन के साथ ग्यारह दिवसीय सहस्त्र चंडी 108 कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन 10-20 फरवरी को जेसीबी चौराहा शास्त्रीपुरम, सुनारी में सम्पन्न होगा महायज्ञ। लाखों लोग साक्षी बनेंगे, जिसमें देश भर के संतो का विराट सम्मेलन, सामूहिक विवाह समारोह, यज्ञोपवीत (जनेऊ संस्कार) जैसे विभिन्न मांगलिक आयोजन भी होंगे।
यह जानकारी आज श्री मां कामाख्या चरण सेवा समिति के सचिव राहुल अग्रवाल ने भगवान चौराहा स्थित होटल आशादीप में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में दी। प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से गौ पूजन व अभिषेक के साथ महायज्ञ का शुभारम्भ होगा। 9 फरवरी को प्रातः कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। प्रतिदिन श्रीराम कथा का आयोजन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक व श्रीराम लीला का मंचन सायं 7 बजे से रात्रि 11.30 बजे तक किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने शहरवासियों को अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ का शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
श्री मां कामाख्या चरण सेवा समिति के अध्यक्ष पं. मुन्ना मिश्रा ने बताया कि समाजसेवी कान्ता प्रसाद अग्रवाल ने रेणुका धाम में साढ़े छः बीधा जमीन समिति को दान की है, जिसमें मां कामाख्या देवी का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कांता प्रसाद, अजय गोयल, मुरारीलाल गोयल, विनोद अग्रवाल, डॉ. सुरेन्द्र भगौर, पवन दौनेरिया, मुन्ना मिश्रा, सुनील पाराशर, अवि गोयल, जय शिव, बबिता पाठक, हेमलता अग्रवाल, अंशिका मंगल आदि उपस्थित थे।
ये होंगे मुख्य कार्यक्रम
9 फरवरी: कलश यात्रा
10 फरवरी: 108 कुण्डीय महायज्ञ शुभारम्भ।
18 फरवरी: संतो का विराट सम्मेलन व कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह, यज्ञोपवीत (जनेऊ संस्कार) प्रातः 10 बजे।
20 फरवरी: महायज्ञ पूर्णाहूति।
21 फरवरी: देवी देवताओं की मूर्तियों का विसर्जन दोपहर 12 बजे।
22 फरवरी: पूज्य संत स्वामी कीर्तिनाथ महाराज द्वारा दोपहर 12 बजे से सम्मान समारोह।