: बचाव, स्क्रीनिंग और उपचार से दी जा सकती है कैंसर को मात - सीएमओ
Tue, Feb 4, 2025
विश्व कैंसर दिवस पर विशेष
विश्व कैंसर दिवस के अवसर 'यूनाइटेड बाय यूनिक' थीम पर जनपद में आयोजित होंगे सेमिनार व जागरुकता कार्यक्रम।
आगरा। यदि आपको खाना निगलने में परेशानी होना, मुंह में बार-बार छाले होना, खाना अटकना, पेशाब की आदत में बदलाव, पेशाब रुक-रुक कर आना, अनियमित रक्तस्राव, अधिक थकावट लगना, लंबे समय तक खांसी रहना और खांसने पर खून आना, महिलाओं में गंदे पानी की शिकायत, अपच, पेट का फूलना और बच्चों में बुखार लंबे समय तक रहना, शरीर में गिल्टियां होना, वजन कम होना, भूख न लगने जैसे लक्षण हैं तो सचेत हो जाएं, इन्हें नजरअंदाज नहीं करें। यह कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी स्क्रीनिंग कराएँ। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ॰ अरुण श्रीवास्तव ने विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष विश्व कैंसर दिवस की थीम 'यूनाइटेड बाय यूनिक' रखी गयी है। मंगलवार को इसके तहत जनपद की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर कैंसर जागरूकता व जांच शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि आँकड़ों के अनुसार भारत में कैंसर के मरीजों की संख्या में बीते कई साल में वृद्धि हुई है। कैंसर शरीर के विभिन्न भागों में हो सकता है जैसे मुंह का कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर इत्यादि। सही समय पर कैंसर के लक्षणों की पहचान कर इसका उपचार किया जा सकता है। लाइफस्टाइल में बदलाव, नियमित जांच और इस बीमारी के शुरूआती लक्षण को पहचान कर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को दूर किया जा सकता है।
छूने से नहीं फैलता कैंसर
सीएमओ ने बताया कि कैंसर को लेकर कई लोगों में गलतफहमी भी है कि ये छूने से भी फैलता है। जिसके कारण लोग कैंसर के रोगियों से अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं, जो कि पूरे तरीके से गलत है।
गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पीयूष जैन ने बताया कि मंगलवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न स्कूलों और स्वास्थ्य इकाइयों पर लोगों को सेमिनार और शपथ ग्रहण कार्यक्रम के जरिए कैंसर के प्रति जागरूक किया जाएगा और जनपद में उपलब्ध कैंसर के उपचार के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर अपनी जीवनशैली में सुधार करके और जागरुकता के जरिए कैंसर को मात देने की शपथ भी ली जाएगी।
जिला अस्पताल में बनेगा डे केयर सेंटर
डॉ. पीयूष जैन ने बताया कि जैसा कि केंद्रीय बजट में घोषणा हुई है, आगरा के जिला अस्पताल में जल्दी ही डे केयर सेन्टर का शुभारंभ होगा इसमें भर्ती होकर कैंसर के मरीज अपनी कीमोथेरेपी करा सकेंगे। डॉ. जैन ने बताया कि गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तर पर लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है यदि किसी में कैंसर के लक्षण मिलते हैं तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जांच व उपचार के बाद मरीज को जिला अस्पताल भेजा जा सकेगा ।
: सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक बनेगी बल्केश्वर पुलिस चौकी
Mon, Feb 3, 2025
लघु उद्योग भारती द्वारा निर्मित आदर्श पुलिस चौकी, बल्केश्वर का भव्य लोकार्पण
शिकायत पर होगी त्वरित कार्रवायी, आधुनिक सज्जा से सज्जित है आदर्श पुलिस चौकी
पूर्व में रामबाग पुलिस चौकी का भी लघु उद्योग भारती ने उद्यमियों के सहयोग से कराया था निर्माण
आगरा। सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक बनेगी आदर्श पुलिस चौकी बल्केश्वर। इसी ध्येय के साथ लघु उद्योग भारती के सौजन्य से आदर्श पुलिस चौकी बल्केश्वर का लोकार्पण किया गया।
सोमवार को उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी, पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, महासचिव राजीव बंसल, कोषाध्यक्ष संजीव जैन ने नवनिर्मित आदर्श पुलिस चौकी का फीता काट और शिलापट्टिका से पर्दा हटाकर लोकार्पण किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने कहा कि जब समाज और उद्योग जगत पुलिस के साथ इस प्रकार सहयोग करते हैं, तो हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। हम नागरिक सेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लघफ उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ( राज्यमंत्री दर्जा) ने कहा कि लघु उद्योग भारती का यह प्रयास यह सिद्ध करता है कि उद्योग केवल व्यापार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन के साथ मिलकर राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह चौकी सुरक्षा और विकास का एक आदर्श उदाहरण बनेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जब नागरिक और उद्योग जगत पुलिस के सहयोग के लिए इस तरह आगे आते हैं, तो यह प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करता है। यह चौकी क्षेत्र के नागरिकों को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल प्रदान करेगी।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा, यह चौकी केवल एक भवन नहीं, बल्कि सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। जब पुलिस और समाज मिलकर काम करते हैं, तो कानून-व्यवस्था और भी अधिक मजबूत होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में अपराधी किसी भी अपराध को अंजाम देने से पहले 100 बार सोचने को मजबूर होते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी लघु उद्योग भारती ने रामबाग पुलिस चौकी का निर्माण कराया था।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने लघु उद्योग भारती के प्रयास की सराहना की।
महासचिव राजीव बंसल ने कहा कि चौकी को नवीनतम तकनीक से सुसज्जित किया गया है, जिसमें सीसीटीवी कैमरा, एलईडी टीवी, शॉपिंग चार्जिंग पॉइंट्स, मॉडर्न इक्विप्ड ऑफिस, रिस्टरूम, स्टोर रूम, पैंट्री और पब्लिक टॉयलेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, वादी या पीड़ितों के लिए विशेष रूप से एक स्वागत कक्ष एवं बैठने की उचित व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें बेहतर वातावरण में अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि जनता पुलिस का सहयोग करती है किंतु लघु उद्योग भारती ने तो पूरी चौकी का निर्माण ही कराकर प्रशंसनीय सहयोग किया है।
पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय ने कहा कि इस तरह की आधुनिक चौकियां पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाती हैं। लघु उद्योग भारती द्वारा किया गया यह योगदान समाज और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय का उदाहरण है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि औद्योगिक हित के अपने ध्येय वाक्य को सार्थक करते हुए लघु उद्योग भारती ने इस चौकी के निर्माण के माध्यम से समाज और प्रशासन के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त हेमंत कुमार, थाना अध्यक्ष, कमला नगर निशामक त्यागी, भारतीय जनता पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पार्षद मुरारी लाल गोयल, अमित अग्रवाल पारुल, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, हरीओम, प्रदीप अग्रवाल, दीपक ढल, पंकज अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के महासचिव राजीव बंसल, कोषाध्याय संजीव जैन, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, अरविंद शुक्ला, सौरभ गुप्ता, शैलेश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता, पल्लवी महाजन आदि उपस्थित रहे।
: पीत रंग में रंगा वसंतोत्सव, मां सरस्वती के पूजन व हवन संग गूंजे जयकारे
Mon, Feb 3, 2025
आगरा। बुद्धि और ज्ञान की देवी मां सरस्वती को आज वसंत पंचमी के अवसर पर विधि विधान से पूजन व हवन कर ध्यान किया गया। पीत वस्त्रों में श्रंगारित महिलाएं और मन में भक्ति व श्रद्धा के भाव। अग्रवाल महासभा की महिला मण्डल द्वारा आज हलवाई की बगीची में वंसतोत्सव का आयोजन किया गया। हवन का शुभारम्भ समाजसेवी सुरेशचंद गर्ग व संस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुशील अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अतिथियों का स्वागत करते हुए अग्रवाल महिला मण्डल की अध्यक्ष डॉ. मंजू बंसल ने वसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही पर्यावरण स्वच्छता के लिए वर्ष में हर व्यक्ति को एक पेड़ लगाने का आग्रह भी किया। महासभा के अध्यक्ष कामता प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि ऋतु परिवर्तन और खुशहाली के पर्व सभी के लिए शुभ घड़ी लेकर आता है। आज ही के दिन से होली के पर्व का भी शुभारम्भ हो जाता है। महामंत्री विष्णु बिहारी गोयल ने सभी को वसंतोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मां सरस्वती, राधा-कृष्ण संग महाराजा अग्रसेन के खूब जयकारे लगे। एसबीएम इंटर कालेज की छात्राओं ने गणेश वंदना, सरसव्ती वंदना, महाराजा अग्रसेन वंदना व फूलों की होली की प्रस्तुति कर सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी अतिथियों को पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजिका अनीता अग्रवाल व संचालन हेमलता अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संजीव अग्रवाल, रामरतन मित्तल, अनिल कुमार अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण, महेन्द्र बंसल, विनय अग्रवाल निशा बंसल, बीना अग्रवाल, बीना जैन, संगीता अग्रवाल, शशि गोयल, संजीव अग्रवाल, शरदचंद, मनीष अग्रवाल, फूलचंद बंसल, अंजली अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।