पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान : रविवार से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 6.81 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
Pragya News 24
Sat, Nov 21, 2026
21 नवंबर को सीएमओ कार्यालय से आवास विकास तक निकलेगी जागरूकता रैली, 2,703 बूथों पर होगा टीकाकरण; छूटे बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी 1,761 टीमें
आगरा, 20 नवंबर। जनपद में सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान रविवार, 22 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 6.81 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 9 बजे जागरूकता रैली निकाली जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से आवास विकास तक आयोजित होने वाली इस रैली का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। अभियान का बूथ दिवस 22 नवंबर को आयोजित होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन कुछ पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस की मौजूदगी के कारण संक्रमण के दोबारा फैलने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर सघन प्रतिरक्षण अभियान चलाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को जनपद के 2,703 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बूथ दिवस पर दवा पीने से छूटने वाले बच्चों को 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की 1,761 टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक देंगी। इस दौरान ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष रूप से टीमें तैनात रहेंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारी पोलियो टीमों का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को ब्लॉक स्तर के नोडल अधिकारियों द्वारा अभियान की प्रगति का फीडबैक लिया जाएगा और समीक्षा की जाएगी, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जा सके।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन