: सावन आश्रम में जीवनदायी सेवा, 57 लोगों ने किया रक्तदान
Sun, Jul 20, 2025
आगरा। बल्केश्वर स्थित सावन आश्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन केंद्र राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने फीता काटकर किया। उन्होंने आश्रम की संगत को रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों के साथ-साथ भारत सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। विशिष्ट अतिथि मनमोहन और पार्षद पूजा बंसल थीं। सेवा कार्य में कुल 57 लोगों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपने दायित्व को निभाया और मानवता की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर अध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, उपाध्यक्ष राजेश नागपाल, सचिव मुरारीलाल कश्यप, कोषाध्यक्ष कमल किशोर काठपाल, मुकेश कुमार, राजेन्द्र, रमेश, दीपक, अनिल शर्मा, महेश कुमार, शिवनारायण, महेन्द्र काठपाल, रणवीर, चिल्ड्रन सत्संग की ओर से सोनिया चावला, मोनिका एवं गीता, जोन टीम से मान सिंह भदौरिया (कोऑर्डिनेटर) एवं सतीश अरोड़ा उपस्थित रहे।
: आगरा व्यापार मंडल के तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियाँ जोरों पर
Mon, Jul 14, 2025
श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति संग हुई बैठक में मिली सहयोग की प्रतिबद्धता
प्रत्येक रक्तदाता को मिलेगा ब्रांडेड हेलमेट, अध्यक्ष टी एन अग्रवाल की घोषणा
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा 31 अगस्त को आयोजित किए जाने वाले तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मंडल अध्यक्ष टी एन अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजन की योजना एवं व्यवस्थाएं सुचारु रूप से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक मोतीगंज स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई, जिसमें टीएन अग्रवाल ने समिति के पदाधिकारियों से अपील की कि वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता करें। उन्होंने ने घोषणा की कि जो भी रक्तदान करेगा, वह न केवल जीवनदान देगा, बल्कि समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी भी निभाएगा। ऐसे हर रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जो हमारे आभार का प्रतीक होगा। उन्होंने आगे कहा कि समिति की भूमिका पूर्व आयोजनों में भी सराहनीय रही है और इस बार भी उनसे सक्रिय योगदान की अपेक्षा है।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मंत्री राजीव गुप्ता ने बताया कि 31 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 पर प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक लगेगा। शिविर के लिए रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन भी हो रहे हैं।
इस अवसर पर श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल. महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल ‘शालू’, उपाध्यक्ष श्रीनाथ अंसल, कृष्णा कुमार मित्तल, विश्न स्वरूप अग्रवाल, मयंक मंगल, राकेश खण्डेलवाल, पवन गोयल, लक्ष्मी नारायन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: ‘रे ऑफ होप’ त्रैमासिक होम्योपैथिक शिविर में 300 से अधिक विशेष बच्चों का हुआ निःशुल्क उपचार
Sun, Jul 13, 2025
35 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जन्मजात रोगों से ग्रसित बच्चों को दी नई आशा
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार) हर तीन माह में करता है आयोजन
आगरा। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार), आगरा द्वारा रे ऑफ होप होम्योपैथिक वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से रविवार को बल्केश्वर स्थित गणेशराम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर विद्यालय में त्रैमासिक विशेष होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर विशेष रूप से मानसिक, शारीरिक और आनुवंशिक रोगों से पीड़ित 300 से अधिक बच्चों का निःशुल्क परीक्षण व उपचार किया गया। संस्था सदस्य अजय गोयल ने बताया कि शिविर में मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, मंदबुद्धि, जन्मजात शारीरिक विकृति, भेंगापन (आंखों का तिरछापन), डी.एम.डी., आनुवंशिक विकार व ऑटिज़्म जैसी जटिल एवं जन्मजात समस्याओं से ग्रसित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण 35 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया।
डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. शिवा श्रीवास्तव, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. श्रुति जैन, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. निशांत आदि चिकित्सकों ने शिविर में सेवाएं प्रदान की। सभी रोगियों की केस हिस्ट्री के अनुसार विस्तृत परामर्श दिया गया और उन्हें तीन माह की निःशुल्क दवा प्रदान की गई। आयोजन की व्यवस्थाएं पवन कुमार अग्रवाल, श्याम महेश्वरी, मनोज कुमार गर्ग, राजेश अग्रवाल, कविता अग्रवाल आदि ने संभाली।
सेवा का छठा वर्ष पूर्ण
पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह त्रैमासिक शिविर विगत 6 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और प्रत्येक तीसरे माह के दूसरे रविवार को आयोजित होता है। संस्था द्वारा अगला शिविर 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।