: पुस्तक मेला में चला कलम का जादू, नन्हें कलमकारों ने उकेरा कागज पर अपना हुनर
Sun, Nov 26, 2023
•
अक्षरा साहित्य आकादमी ने लगाया है नौ दिवसीय राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं साहित्य उत्सव
•
जीआइसी मैदान में लगे मेले में स्वास्तिक हैंडराइटिंग इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर ने आयोजित की सुलेख एवं पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता
•
पुस्तक मेले में बेस्ट बुक सेलर के साथ ही आकर्षण का केंद्र बनी सबसे छोटी तीन इंच और सबसे बड़ी तीन फुट की पुस्तक
•
आध्यात्मिक पुस्तकों के साथ साहित्य की विभिन्न पुस्तकें कर रहीं आगरावासियों का इंतजार, शाम को सज रही गीत−संगीत की महफिल भी
आगरा। हस्तलेखन व्यक्ति के व्यक्तित्व को दर्शाता है। आप क्या पढ़ रहे हैं और क्या एवं कैसे लिख रहे हैं, इससे व्यक्ति की सोच के साथ उसके व्यवहार का अंदाजा लगता है। आगरा के जीआइसी मैदान में सजी पुस्तकों की दुनिया में सुलेख एवं पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में ये संदेश दिया मुख्य अतिथि हरविजय वाहिया और महंत श्री योगेश पुरी ने।
अक्षरा साहित्य अकादमी द्वारा जीआइसी मैदान पर लगाए गए राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं साहित्य उत्सव के दूसरे दिन का आरम्भ स्वास्तिक हैंडराइटिंग इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर द्वारा हस्तलेखन (सुलेख) एवं पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता के साथ हुआ। मुख्य अतिथि हरविजय वाहिया एवं महंत योगेश पुरी ने बच्चों को हस्तलेखन सुधार के साथ ही पुस्तक अध्ययन के लिए प्रेरित किया एवं प्रमाणपत्र का वितरण किया। प्रतियोगिता में 50 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग लिया।
स्वास्तिक हैंडराइटिंग इंस्टीट्यूट की निदेशक विनीता मित्तल ने बच्चों को हस्तलेखन सुधार के आवश्यक टिप्स दिए। इस अवसर पर अक्षरा साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विनोद माहेश्वरी, उपाध्यक्ष वत्सला प्रभाकर, कोषाध्यक्ष श्रुति सिन्हा, सहसचिव कैप्टन शीला बहल, सचिव दीपक सिंह सरीन सहित स्वास्तिक टीम की संयोजिका श्रुति दास, सचिव प्रेरणा सिंह, रुचि सिंघल, शिखा गौतम, पर्ल लालवानी, किरन लालवानी, अंशिका मित्तल आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं। रविवार के कारण पुस्तक मेला में बच्चों और युवाओं के साथ शिक्षा और साहित्य जगत से जुड़े लोगों अच्छी संख्या में पहुंचे।
पर्यावरण चिंतन के साथ गूंजा संगीत का माधुर्य
पुस्तक मेला के साथ क्योंकि साहित्य भी आयोजन का प्रमुख हिस्सा है इसलिए प्रतिदिन विभिन्न सत्रों में इन्हीं पर आधारित कार्यक्रम हो रहे हैं। रविवार को द्वितीय सत्र में प्लांट लवर ग्रुप द्वारा प्रकृति और पर्यावरण विषय पर गोष्ठी हुई। गोष्ठी में मुख्य अतिथि चंद्रशेखर शर्मा और डॉ आनंद राय थे। मुख्य वक्ता आरके कपूर ने विषय विशेष पर अपने विचार रखे। अध्यक्ष रितु गोयल ने सभी का स्वागत किया। तृतीय सत्र गीत संगीत के नाम रहा। माधुर्य साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था के तत्वावधान में गीत और गजल की प्रस्तुति सुरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा दी गयी।
सोमवार को ये रहेगा विशेष
सचिव दीपक सिंह सरीन ने बताया कि सोमवार को पुस्तक मेला में प्रथम सत्र में प्रिल्यूड व अन्य स्कूल भ्रमण करेंगे। लास्या म्यूजिकल इवेंट की प्रस्तुति होगी। द्वितीय सत्र में आगरा महानगर लेखिका समिति द्वारा साहित्य गोष्ठी एवं तृतीय सत्र में गुनगुनाती जिंदगी द्वारा लता किशोर मैजिक का आयोजन किया जाएगा।
सच्ची मित्र हैं पुस्तकें, दर्शा रहा पुस्तक मेला
यूं तो आगरा शहर में हुनर की कमी नहीं है। आये दिन यहां विभिन्न मेले या प्रदर्शनियां लगते रहते हैं। हां बेशक खरीददार भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं लेकिन मोबाइल और गूगल बाबा के दौर में भी पुस्तकों के प्रति आकर्षण और प्रेम कम नहीं हुआ है ये बात पुस्तक मेला में देखने को मिल रही है। पुस्तकों की दुनिया में आने के बाद आप कब घंटों यूं ही बिता देंगे ये आपको पता ही नहीं चलेगा। रामचरित मानस की भांति ही ब्रज विलास पुस्तक जिसे श्रीकृष्ण चरितमानस माना जाता है आध्यात्म के जिज्ञासुओं को यहां मिलेगी। भोजपुरी से लेकर तमाम लोकभाषाओं की पुस्तक लोककलाओं को संजोकर इंडिया नेटबुक्स की स्टॉल पर उपलब्ध हैं। योगदा सत्संग सोसायटी आफ इंडिया, गोरखपुर प्रेस की पुस्तकें हैं तो बेस्ट सेलर हैक द टेक, द डायरी आफ यंग गर्ल भी आपको यहां मिल जाएगी।
बच्चों के लिए कॉमिक्स के साथ वैदिक मैथमेटिक की पुस्तक और वॉशेबल बुक सर्वाधिक मांग में हैं। हिंदी और अंग्रेजी साहित्य के अतिरिक्त पुस्तक मेला में उर्दू साहित्य भी खासा ध्यान खींच रहा है। अहमदिया मुस्लिक कम्युनिटी की स्टॉल पर जिहाद की वास्तविकता बताती पुस्तक जिहाद, इस्लाम में औरत का स्थान, हजरत मिर्जा मसरूर अहमद के भाषणों का संकलन तृतीय विश्व युद्ध के परिणाम उपलब्ध हैं। इसके साथ ही हजरत मुहम्मद साहब की जीवनी और पवित्र कुरान का हिंदी संस्करण भी आपको यहां मिल जाएगा। किसी भी स्टॉल पर 499 रुपये की खरीद पर लक्की ड्रॉ के माध्यम से ई साइकिल उपहार में दी जाएगी।
तीन इंच से लेकर तीन फुट की पुस्तक भी
निखिल प्रकाशन की स्टॉल पर रखी तीन इंच की पुस्तक से लेकर तीन फुट की किताब अपनी ओर ध्यान आकर्षित कर रही हैं। स्टॉल संचालक मोहन मुरारी शर्मा ने बताया कि तीन इंच की श्रीमद् भगवत गीता और आइंस्टीन का अनकहा सिद्धांत हिंदी एवं अंग्रेजी में 3 फुट से अधिक के आकार में आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
: अतिक्रमण और अवैध कब्जे को लेकर जिलाधिकारी के कड़े तेवर
Sun, Nov 26, 2023
•
जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अनोखी पहल
•
चक रोड, संपर्क मार्ग पर अतिक्रमण या अवैध कब्जे की शिकायतों का होगा अंतिम समाधान
•
खंड विकास अधिकारी 01 सप्ताह में पूर्ण कराएंगे पैमाइस के बाद चक रोड व संपर्क मार्ग पर मिट्टी का कार्य
•
पिछले 02 साल की शिकायतों का किया जा रहा संकलन
आगरा। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने चक मार्ग और संपर्क मार्ग के अतिक्रमण संबंधित शिकायतों के प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु शिकायत मिलने पर पैमाइश कराने तदोपरांत तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी के पर्यवेक्षण में खण्ड विकास अधिकारी द्वारा, मनरेगा से संपर्क व चक मार्ग पर मिट्टी कार्य 01 सप्ताह में पूर्ण कराया जाएगा। इस हेतु जिलाधिकारी ने विगत 02 वर्ष की प्राप्त सभी संपर्क मार्ग, चक रोड अतिक्रमण या कब्जे की शिकायतों का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पूर्व में कई प्राप्त शिकायतों में यह देखा गया है कि पैमाइस के बाद भी चक रोड पर पुनः कब्जा या अतिक्रमण कर लिया गया तथा समस्या का अंतिम समाधान नहीं हुआ, जिलाधिकारी ने पैमाइस के तत्काल बाद मिट्टी का कार्य कराए जाने हेतु निर्देश दिए।
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाह
: डॉ. एम.पी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में हुआ बिजनेस प्लान प्रतियोगिता का आयोजन
Sun, Nov 26, 2023
•
12 टीमों के द्वारा दिया गया विभिन्न बिजनेस प्लान का प्रजेंटेशन
•
छात्र छात्राओं में दिखाई दिया नये स्टार्टअप्स व बिजनेस शुरू करने के प्रति जुनून
आगरा। डॉ एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाणिज्य संकाय द्वारा बी.कॉम के छात्रों के लिए बिजनेस प्लान प्रतियोगिता आयोजन किया गया। जिसमें 12 टीमों ने भाग लिया, प्रत्येक टीम के द्वारा विभिन्न बिजनेस प्लान का प्रजेंटेशन दिया गया। छात्र छात्राओं में नौकरी करने की चाह से इतर नये स्टार्टअप्स व बिजनेस शुरू करने के प्रति जुनून दिखाई दिया। कई चरणों में प्रतियोगिता आयोजित हुई।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान -
‘‘वी फॉर यू’’
के लिए कनिष्का शर्मा, सिमरन अमूलानी और राज मखिजा को, द्वितीय स्थान -
‘‘ई-कॉमर्स वेबसाईट भारत बाजार’’
के लिए स्वर्णिम मंगल, शिवानी चौहान और तनीशा को तथा तृतीय स्थान -
‘‘बिजनेस कैप्सूल’’
के लिए आयुषी भार्गव, यशिका कोरजानी और स्नेहा सिंह ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में ट्रॉफी और प्रमाण पत्र पाकर छात्र छात्राएं अत्यंत खुश नजर आये।
चेयरपर्सन ने किया उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित
संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब स्टूडेंट्स को जॉब मांगने वाला न बन कर जॉब देने वाला बनना है और संस्थान इसमें छात्रों की हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है।
इन्होंने दी शुभकामनाएं
डायरेक्टर अकादमिक डॉ विकांत शास्त्री ने छात्रों और प्रतियोगियों को सम्मानित करते हुए कहा कि संस्थान में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल इस दिशा में कार्य कर रही है। डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन डॉ अनूप कुमार गोयल ने सभी विजेताओं को अपनी शुभकामनाएँ प्रषित करते हुए इसी तरह आगे बढ़ने की सीख दी। विभागाध्यक्ष संदीप सक्सेना ने बताया कि संस्थान में समय समय पर इस प्रकार के कार्यकम आयोजित किए जाते है। जिससे छात्रों को अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है। हेल्दी नारी प्रकल्प के फाउंन्डर अनुज राठौर ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई।
संस्थान के मिडिया प्रभारी डॉ प्रवल प्रताप सिंह ने बताया कि वाणिज्य संकाय द्वारा यह गतिविधि प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। कार्यक्रम का समन्वय नेहा खंडेलवाल और मिलिन्द सक्सेना द्वारा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बी.कॉम छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाह