: आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट पर किया गया सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
Wed, Jan 24, 2024
आगरा। जिला प्रशासन द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस 2024 का आयोजन आई लव आगरा प्वाइंट, आगरा पर किया गया, जिसमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा चित्र प्रदर्शनी तथा एलईडी वैन से सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं का आम जन में प्रचार प्रसार किया गया, साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला उद्योग विभाग द्वारा लेदर के बैग, सूटकेस अन्य सामग्रियों का स्टॉल के माध्यम से प्रचार प्रसार किया गया, जिसको आम जनमानस द्वारा जमकर खरीदारी की गई, इसके साथ ही कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग विभाग तथा आगरा विकास प्राधिकरण विभाग के द्वारा स्टाल लगाकर आमजन को जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए, जिसमें बीडी जैन गर्ल्स कालेज के छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक तथा सुर संगम कला केंद्र के बच्चों द्वारा नृत्य का रंगारंग प्रस्तुति दी गई जिसको दर्शकों ने बड़े उत्साह पूर्वक देखा और सुंदर प्रस्तुति की सराहना की।
: बचपन में ही डालें बच्चों में भक्ति का बीज, जोड़ें हनुमान चालीसा सेः भरत उपाध्याय
Wed, Jan 24, 2024
अवधपुरी बने कर्मयोगी एनक्लेव में बह रही है श्री राम कथा की अमृत धारा
प्रभु राम के आदर्शों को जीवन में उतारने की सीख दे रहे कथा व्यास
श्री राम कथा प्रसंग के पंचम दिवस हुई माता सीता जी की जनकपुर से विदाई
आगरा। यदि भावी पीढ़ी में संस्कारों के बीज रोपने हैं तो बाल्यावस्था से ही भक्ति का बीज रोपित करें। हनुमान चालीसा को दैनिक पुस्तक के तौर पर बच्चों से जोड़ेंगे तभी उनमें बल-बुद्धि का सात्विक विकास होगा। सनातन धर्म की ये सीख दी कथा व्यास भरत उपाध्याय ने।
अयोध्या धाम में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में कर्मयोगी एनक्लेव, सोसायटी के संयोजन में सीताराम परिवार द्वारा कर्मयोगेश्वर मंदिर, कर्मयोगी, कमला नगर में आयोजित श्री राम कथा में कथा व्यास भरत उपाध्याय प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने की श्रद्धालुओं को सीख दे रहे हें। पांचवे दिन के कथा प्रसंग का वर्णन करते हुए कथा व्यास ने माता सीता की जनकपुर से विदाई का बड़ा ही मार्मिक वर्णन किया। श्रीराम, लक्ष्मण, भरत शत्रुघ्न का अपनी धर्मपत्नियों सहित जो अयोध्या धाम में भव्य स्वागत हुआ उसका कथा व्यास ने सजीव सा बखान किया। अयोध्या धाम की भव्यता में माता सीता के आगमन से दिव्यता का और अधिक वास हुआ। सभी विधि विधान से चारों पुत्रवधुओं का स्वागत करने के लिए तीनों माता कौशल्या, सुमित्रा और कैकई आती हैं। प्रिय पुत्र राम की पत्नी सीता से सर्वाधिक लाड़ कैकई को होता है किंतु बुरी संगत के कारण कैकई की बुद्धि भ्रष्ट हो जाती है और फिर होता है कोप भवन प्रसंग।
इस पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए लंगड़े की चौकी हनुमान मंदिर के महंत गोपी गुरु ने कहा कि बुरे का संग न करें। बुरे का संग बुद्धि भ्रष्ट करता है। करुण हृदय कैकई मंथरा के कहने में आकर अपनी बुद्धि विवेक से दूर हो जाती है। बुरे का संग साथ बुरा ही लाता है। पंचम दिन के समापन पर श्री राम चरित मानस की आरती मुख्य यजमान जीतू और रिचा अग्रवाल ने उतारी।
जीतू अग्रवाल ने बताया कि छठवें दिन गुरुवार को वनवास, केवट प्रसग और चित्रकूट धाम की महिमा का वर्णन होगा।
इस अवसर पर इस अवसर पर नीतेश अग्रवाल, पार्षद कंचन बंसल, मंदिर सचिव ओम प्रकाश, गिर्राज बंसल, शिवानी अग्रवाल, संजय गुप्ता, विजय रोहतगी, प्रभात रोहतगी, पवन बंसल, विजय अग्रवाल, अंकित बंसल, हरीश गोयल, भानु मंगलानी, संजय अग्रवाल, आशु रोहतगी, बीएस शर्मा आदि उपस्थित रहे।
श्रीकृष्ण लीला और रास का भक्तों ने लिया आनंद−
श्रीराम कथा के पांचवे दिन सायंकाल में सीताराम परिवार द्वारा श्रीकृष्ण लीला का आयोजन किया गया। जिसके अन्तर्गत श्रीकृष्ण जन्म, बाल लीला, सुदामा चरित सहित मनमोहक रास लीला प्रस्तुत की गयी। आयोजन में बच्चों और महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। हर प्रस्तुति में ब्रज के भक्ति भाव की झलक थी।
: व्यापारी देश की रीढ़, पत्रकार हैं आइना - देश दीपक तिवारी
Wed, Jan 24, 2024
आगरा। श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर सोमवार को बेलनगंज स्थित भागीरथ पैलेस में आगरा इलेक्ट्रिक मर्चेंट एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ़ उद्योग व्यापार एसोसियेशन ने उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) आगरा के निर्विरोध नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार देश दीपक तिवारी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया। फेडरेशन के अध्यक्ष हरेश अग्रवाल, इलेक्ट्रिक मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश गुप्ता व महासचिव राकेश गुप्ता ने उपजा जिलाध्यक्ष देश दीपक तिवारी एवं महासचिव दीपक लवानियां का माल्यार्पण किया। स्मृति चिह्न व शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि उपजा जिलाध्यक्ष देश दीपक तिवारी ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा व्यापारी देश की रीढ़ है। इस रीढ़ की मजबूती से ही देश विकसित होगा। राष्ट्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। तभी समाज का हर वर्ग खुशहाल होगा। उन्होंने कहा पत्रकार समाज का आईना है। व्यापार की समस्याओं को पत्रकार कलम के माध्यम से उस मंच तक रखने का काम करते हैं, जिस मंच से उनकी समस्याओं का समाधान होता है। जिस शिद्दत से कलम के सिपाही समाज के हर वर्ग की आवाज उठाते हैं, समाज का भी कर्तव्य है कि वह उसी शिद्दत से कलम के प्रहरियों के हितों की रक्षा करे। पत्रकार भी समाज का अभिन्न अंग है। इसलिए मुसीबत के समय हर वर्ग को पत्रकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होना चाहिए। तभी लोकतंत्र मजबूत होगा।
उपजा महासचिव दीपक लवानियां ने सभी व्यापारी भाइयों का आभार व्यक्त किया। फेडरेशन ऑफ उद्योग व्यापार के अध्यक्ष हरेश अग्रवाल ने कहा व्यापारियों की समस्याओं को उठाने वाले पत्रकारों के साथ समूचा व्यापार जगत कदम से कदम मिलाकर खड़ा रहेगा। आगरा इलेक्ट्रिक कांट्रेक्ट मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा पत्रकारिता समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। कलम के सिपाही इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी के साथ निभा रहे हैं।
महासचिव राकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने विचार व्यक्त किए। समारोह में अनुज माहेश्वरी, गोविंद मित्तल, राकेश बंसल, मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।