आगरा। उत्तर भारत की ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध रामलीला महोत्सव का शुभारम्भ शुक्रवार को अनन्त चतुर्दशी के अवसर पर लाला चन्नोमल की बारहदरी में विधि-विधानपूर्वक गणेश पूजन एवं मुकुट पूजन के साथ हुआ। 25 सितंबर से प्रारम्भ हुआ यह रामलीला महोत्सव 24 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
कार्यक्रम में ‘प्रथम निमन्त्रण आपको, पूरन करियो काज’ की परंपरा के अनुरूप विघ्न विनाशक भगवान श्रीगणेश का पूजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार के बीच मुकुट पूजन सम्पन्न हुआ। पूजन का आयोजन वेद प्रकाश प्रवेता, पंडित श्रीपति पंडित चिरंजीवी एवं पंडित श्यामजी ने विधि-विधान से कराया। श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल ने पूजन में सहभागिता की।
अनन्त चतुर्दशी के दिन ही रामलीला का शुभारम्भ करने की परंपरा के पीछे इस वर्ष पितृ पक्ष का प्रारम्भ भी महत्वपूर्ण है। 26 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू होने के कारण इस अवधि में शुभ कार्य नहीं किए जाते। इसी परंपरा के चलते अनन्त चतुर्दशी पर रामलीला महोत्सव का श्रीगणेश किया गया।
इस वर्ष रामलीला का मंचन मथुरा के कृष्ण लीला संस्थान के संचालक श्री नीरज चतुर्वेदी के नेतृत्व में किया जाएगा। रामलीला मे राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न मां जानकी व हनुमान जी की भूमिका निभाने वाले पात्रों का आज से दिन वरण किया जाता है।
रामचरितमानस के मास परायण का भी शुभारम्भ
गणेश पूजन के साथ ही श्रीरामचरितमानस के मास परायण पाठ एवं कीर्तन का भी शुभारम्भ हुआ। यह पाठ एवं कीर्तन रामलीला महोत्सव के समापन तक निरंतर चलेगा। इसका आयोजन ब्रिजेश पंडित जी के द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता जानकी एवं हनुमान जी की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर रामलीला महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की।
पदाधिकारियों एवं सदस्यों की रही उपस्थिति
मुकुट पूजन में रामलीला कमेटी के दशरथ बने संजय सिंघल सादाबाद, ताराचंद, विजय प्रकाश, विनोद जोहरी, मनोज अग्रवाल (पोली भाई), मुकेश जौहरी, संजय तिवारी, राकेश जैन, अंजुल बंसल, आनन्द मंगल, महेश अग्रवाल, रामांशु शर्मा, आयुष अग्रवाल, दिलीप कुमार अग्रवाल, मनीष शर्मा, अजय अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, प्रकाश चन्द, अशोक राठी, संजय, अरविंद, विकास अग्रवाल, रामरहुल निक्की जौहरी, राहुल गौतम एवं सौरभ गौतम आदि अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।