: आगरा मंडल टाप कर अवि ने बढ़ाया “प्राइड” का मान
Fri, Jun 7, 2024
• प्राइड एकेडमी के 20 से अधिक छात्र नीट में हुए चयनित
• अब तक हजारों छात्रों को मिल चुकी है नीट−आईआईटी जेईई में सफलता
आगरा। शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास की कुंजी थामकर कैसे सफलता मिले इसका पाठ पढ़ाया जा रहा है प्राइड एकेडमी में। इसी परिपाटी पर चलते हुए नीट परीक्षा 2024 में एकेडमी के 20 छात्रों को सफलता प्राप्त हुई है। यह जानकारी दी गयी प्राइड एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्ट डॉ गौरव कुमार त्रिवेदी ने।
संजय प्लेस स्थित प्राइड एकेडमी में गुरुवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नीट परीक्षा में आगरा मंडल टाप करने वाले अवि शाक्य(आल इंडिया रैंक 614) सहित सभी 20 छात्रों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि वत्सला प्रभाकर थीं। वत्सला प्रभाकर ने सभी सफल छात्रों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ गौरव कुमार त्रिवेदी ने बताया कि नीट परीक्षा में प्रखर प्रकाश गुप्ता ने 7077, वंशिका बजाज ने 7555, सहज तनेजा ने 13042 रैंक प्राप्त की। इसके अलावा अर्चित दौनेरिया, निष्ठा माहेश्वरी, राखी कुशवाह, कृर्षि बजाज, दिविसा सिंह, मिली धनगर, प्रियांशु वर्मा, सिद्धांत बंसल, अग्रित राठौर, गार्गी गुप्ता, मैंत्त्रिय गुप्ता, पावनी बंसल को भी सम्मानित किया गया।
हेमलता त्रिवेदी ने बताया कि सभी सफल छात्र दो वर्षीय क्लास रूम प्रोग्राम के अन्तर्गत शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सफलता के लिए 13 से 14 घंटे की पढ़ाई आवश्यक होती है। मैनेजर अरुण कुमार उपाध्याय ने बताया कि विगत 18 वर्षाें में एकेडमी के हजारों छात्र नीट− आईआईटी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
: ग्रीष्मकालीन शिविर में बच्चाें में बोया गया सनातन संस्कारों का बीज
Fri, Jun 7, 2024
• चाइल्ड केयर वेलफेयर सोसायटी के संस्कार शिविर के समापन पर दिखी आध्यात्मिक रंग की तरंग
• वैदिक मंत्र, हनुमान चालीसा पाठ, शिव तांडव, श्रीराम स्तुति की प्रस्तुति ने मोहा मन
आगरा। नौनिहालों में जब सनातन संस्कारों के बीज रोपे जाते हैं तो आध्यात्म का रंग तरंग की भांति बहने लगता है। इसी रंग की रंगत दिखी चाइल्ड केयर वेलफेयर सोसायटी द्वारा लगाए गए संस्कार शिविर के समापन पर।
गुरुवार को बम्बई वाली बगीची में संस्कार शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि इंटरनेशनल स्कूल ऑफ टीसा के प्रधानाचार्य संजय कालरा द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त मुस्कान और नंदनी द्वारा सरस्वती वंदना की गई।
अध्यक्ष नीना सिंघल द्वारा योगा टीचर राखी जैन और मुक्ता का आभार प्रकट किया गया। हनुमान चालीसा सीखाने वालीं सीमा मखीजा और गीता का ज्ञान देने वाली गुरु मां का पुष्प दे कर सम्मान किया गया। बच्चों को हवन की पारंपरिक विधि के लिए चंचल अरोड़ा को सम्मानित किया गया।
शिविर के छोटे बच्चों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया तो सभी मंत्रमुग्ध हो गए। अनुलक्ष्मी ने श्री राम स्तुति पर नृत्य प्रस्तुत किया। शिविर में बच्चो को सिखाये गए मंत्रो को जब पांच बच्चों ने लय में सुनाया तो सभी ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया। खुशी, साक्षी, सिमरन और नंदनी द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव की सभी ने भूरी भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम का अंत आठ बच्चो द्वारा सूर्यनमस्कार की प्रस्तुति से किया गया। मुख्य अतिथि संजय कालरा ने कहा कि इस तरह के शिविर ही बच्चो में भारतीय संस्कारों को पुनःजाग्रत करते हैं।
अध्यक्ष नीना सिंघल ने बताया कि नगला बूढ़ी स्थित महाकालेश्वर मंदिर में लगे 25 दिवसीय शिविर में बस्तियों के बच्चों ने प्रशिक्षण लिया। तपस्या बंसल ने अवगत कराया कि शिविर में प्रतिदिन संस्था की सदस्याओं द्वारा खाद्य सामग्री प्रदान की गयी।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं अध्यापक साधना पोरवाल, सविता शिखा और साहिल ने संभाली। इस अवसर पर उमा, मुक्ता, ममता,पूनम मंगवानी, प्रीति खंडेलवाल आदि उपस्थित रहीं।
: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को अब नहीं लगाने होंगे नगर निगम के चक्कर
Fri, Jun 7, 2024
आगरा। मृत्यु एवं जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब लोगों को नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने होंगे। आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जनपद में जन्म तथा मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाये जाने की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाये जाने के लिए पोर्टल https://swm.agrasmartcityltd.net/citizenportal/ तैयार किया है। इस पोर्टल पर जन्म तिथि के एक साल तथा मृत्यु के एक साल बाद बनवाये जाने वाले प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड अंकित खंडेलवाल ने बताया कि आवेदन के बाद आवेदनकर्ता को एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जाएगा। आवेदन करते समय आवेदनकार्ता को वार्ड चयन करना होगा जिसके उपरांत संबंधित संबंधित जोनल अधिकारी आवेदन की जांच कराएंगे। जांच के उपरांत आख्या पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
उन्होंने बताया कि यदि समस्त अभिलेख सही होंगे तो नगर निगम अपनी रिपोर्ट लगाकर उपजिलाधिकारी, कलक्ट्रेट आगरा के पोर्टल पर भेज देगा। उपजिलाधिकारी स्तर पर भी जांच के उपरांत कार्यवाही की जाएगी तथा दस दिनों के अंदर उपजिलाधिकारी कार्यालय को प्रमाण पत्र निर्गत करने से सबंधित आदेश पारित करने होंगे। आदेश के पारित होने के बाद एसएमएस आवेदनकर्ता तथा नगर निगम के जोनल अधिकारी के पास आएगा उसके बाद प्रमाणपत्र जारी कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन आने के उपरांत उस आवेदन को जोनल कार्यालय तथा उपजिलाधिकारी कार्यालय पर कितने दिन लंबित रखा गया साफृटवेयर से इसकी मॉनिटरिंग होगी तथा बिना कारण लंबित रखने पर संबंधित के विरुद्व कार्यवाही की जाएगी। इस पोर्टल की आमजन को नगर निगम तथा उपजिलाधिकारी कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने होंगे। आवेदनकर्ता द्वारा अपने आवेदन का स्टेटस पोर्टल पर चैक किया जा सकेगा।