: डेंगू से करें बचाव, समय पर कराएं उपचार
Sun, Aug 17, 2025
डेंगू की चपेट में आने से बचें, जानें लक्षण और उपचार
सही समय पर उपचार न होने पर जानलेवा हो सकता है डेंगू
मच्छरों से बचें, डेंगू से बचें
आगरा। बारिश के मौसम में मच्छर जनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है, जिसमें डेंगू भी शामिल है। डेंगू बुखार एक गंभीर बीमारी है जो मच्छरों के काटने से फैलती है। यह बीमारी सही समय पर उपचार न होने पर जानलेवा भी हो सकती है। डेंगू से बचाव के लिए मच्छरों से बचाव जरूरी है। इसके लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें, पूरे कपड़े पहनें और मच्छर भगाने वाले स्प्रे का इस्तेमाल करें। डेंगू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और समय पर उपचार कराएं। यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव का ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आगरा वासियों से अपील करते हुए कहा है कि डेंगू एक मच्छर जनित वायरल रोग है जो एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। डेंगू या डेंगी डेंगू वायरस से संक्रमित मच्छरों के काटने से होती है। यह मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह साफ पानी में पनपता है। डेंगू से बचाव के लिए मच्छरों से बचाव करना जरूरी है। इसके लिए अपने आस-पास मच्छरों को न पनपने दें। अपने घर में या घऱ के आसपास गमलों में, टायरों में, गड्ढों में पानी को जमा न होने दें। कूलर के पानी को सप्ताह में एक बार जरूर बदलें । इन्हीं में डेंगू का लार्वा पनपता है। सभी के प्रयासों से ही डेंगू से बचाव, नियंत्रण और इसके प्रसार पर जटिलताओं को रोका जा सकता है।
वेक्टर बोर्न रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि डेंगू के लक्षणों के बावजूद समय से जांच न होने की स्थिति में जब इसका बुखार छठवें से आठवें दिन में पहुंचता है तो खतरा भी ज्यादा बढ़ जाता है, लेकिन ऐसे मरीज भी समय से अस्पताल आएं तो भर्ती कर ठीक हो जाते हैं । शरीर में चकत्ते आना या नाक, मुंह व मसूड़ों से खून आना डेंगू के खतरनाक लक्षण हैं और ऐसी स्थिति में मरीज को भर्ती करना अनिवार्य है । प्लेटलेट उन्हीं मरीजों को चढ़ाने की जरूरत पड़ती है जिनके शरीर से ब्लीडिंग होने लगती है। अगर ब्लीडिंग नहीं हो रही है तो बीस हजार प्लेटलेट होने पर भी इसे चढ़ाने की आवश्यकता नहीं है, जबकि अगर ब्लीडिंग हो रही है तो अस्सी हजार प्लेटलेट रहने पर भी इसे चढ़ाना पड़ता है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि डेंगू का वाहक एडीज मच्छर साफ पानी में पैदा होता है। ऐसे में छत एवं घर के आसपास अनुपयोगी सामग्री इकट्ठा न होने दें। हफ्ते में एक बार टीन, डब्बा, बाल्टी का पानी खाली कर दें और दोबारा उपयोग के लिए उनको सुखाएं। प्रत्येक सप्ताह कूलर का पानी खाली कर दें और सूखा कर ही पानी भरें। पानी के बर्तन और टंकी आदि को ढंग कर रखें। हैंडपम्प के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। घर के आसपास के गड्ढों को मिट्टी से ढक दें। साफ जमा पानी में मिट्टी का तेल या जला हुआ इंजन का तेल डालें। दिन में भी पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
डीएमओ ने बताया कि डेंगू की चपेट में आने से बचें, सही समय पर उपचार न होने पर डेंगू जानलेवा भी हो सकता है। डेंगू से बचें बचने के लिए मच्छरों से बचाव करना जरूरी है, इसके लिए डेंगू के लक्षणों और उपचार के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जानकारी प्राप्त करें l डेंगू के लक्षण होने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य इकाई पर जाकर चिकित्सीय सलाह अवश्य लें। झोलाछाप डॉक्टर से उपचार करने से बचें।
बुखार होने पर यह करें
• प्रशिक्षित चिकित्सक को दिखाएं
• चिकित्सक की निगरानी में दवा के साथ पर्याप्त बेड रेस्ट लें
• तरल भोज्य पदार्थों का सेवन करें और खूब पानी पिएं
• तीव्र बुखार की स्थिति में 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचें
• बुखार हो तो यह न करें
• अपने मन से दवा न लें
• शारीरिक श्रम न करें
• बुखार उतरने लगे तो निश्चिंत न हों और सावधानी जारी रखें
• बुखार ठीक होने के बाद भी बेड रेस्ट लें
डेंगू के लक्षण
• तेज बुखार
• त्वचा पर चकत्ते
• तेज सिर दर्द
• पीठ दर्द
• आंखों में दर्द
• मसूड़ों से खून बहना
• नाक से खून बहना
• जोड़ों में दर्द
• उल्टी
• डायरिया
डेंगू की स्थिति जिले में
वर्ष — कुल केस
2021 — 1161
2022 — 35
2023 — 173
2024 — 190
2025 — 37
: राधाकृष्ण स्वरूप प्रतियोगिता में बाल-लीलाओं को किया जीवंत
Sun, Aug 17, 2025
आज होगी बांके बिहारी के नाम की भजन संध्या
श्री महालक्ष्मी भक्तमंडल परिवार मना रहा तीन दिवसीय कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्तमंडल परिवार (रजि.) की ओर से कृष्ण जन्माष्टमी पर कमला नगर स्थित जनक पार्क में राधाकृष्ण स्वरूप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संस्थापक विकास मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के रूप में भाग लेकर सभी का मन मोह लिया। करीब 500 बच्चो ने पारंपरिक परिधान में सजकर श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं को जीवंत कर दिया। किसी ने सिर पर मोर पंख सजाये, तो किसी ने बांसुरी के साथ नृत्य कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
अध्यक्ष एड. विशाल बिंदल ने बताया कि आज बांके बिहारी जी की भजन संध्या में भजन सम्राट रामकुमार लक्खा, सुप्रसिद्ध गायक राजू बाबरा और कोमल शर्मा अपने मधुर सुरों से महफ़िल को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। दोपहर में गोवर्धन के दानघाटी मंदिर से आयी श्री गिर्राज जी की शिला का महाअभिषेक होगा। उसके पश्चात शाम को गिर्राज जी श्रृंगार के भव्य दर्शन होंगे।
संयोजक अविनाश राणा ने कहा कि वृन्दावन के श्री बांके बिहारी जी मंदिर के सेवारत द्वारा हर भक्त को बिहारी जी का खजाना वितरित किया जायेगा। भक्तों के लिए मुख्य आकर्षण के रूप में फूलो की होली और इत्र वर्षा रहेगी। जनक पार्क को वृन्दावन के बिहारी जी मंदिर का रूप दिया गया है। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक नीरज वर्मा, संस्थापक विकास मित्तल,संरक्षक आशीष सक्सेना,मोहन गर्ग, महामंत्री अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, रितेश गुप्ता,करतार सिंह शास्त्री, हरीश पंजवानी, प्रदीप गोयल, सौरभ बंसल, संजीव गुप्ता,नागेंद्र अग्रवाल, दिलीप गुप्ता, मुनीश सिंघल, गीता वर्मा, नेहा राणा, ज्योति गुप्ता, संगीता, सपना, रेशु आदि मौजूद रहे।
: स्वतन्त्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति गीतों के साथ दी श्री राम मत्त को भावभरी श्रृद्धांजलि
Sat, Aug 16, 2025
आगरा। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर वेदमाता गायत्री रचनात्मक ट्रस्ट, अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला आगरा ने देश भक्ति एवं भक्ति गीतमाला का आयोजन गायत्री चेतना केन्द्र, खन्दारी, आगरा पर किया। जिसमें आगरा कल्चरल ऐसोसिएशन एवं गायत्री परिवार के 20 से अधिक गायकों ने अपनी अपनी प्रस्तुति प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अखिल विश्व गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेन्द्र शर्मा, तेजसिंह चाहर, प्रदीप श्रीवास्वत, अरुण साहू, जिला समन्वयक सुरेशचन्द्र सक्सेना ने गायत्री माता, पूज्य गुरुदेव पं श्रीराम शर्मा आचार्य व परम वन्दनीया माता भगवती देवी शर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
डॉ अजय यादव, सुरेन्द्र शर्मा, उमेश कुलश्रेष्ठ, कालीचरन शर्मा, अमित शर्मा विमलेश भदौरिया, समीक्षा श्रीवास्तव ने सभी गायकों को माला पट्टिका पहनाकर स्वागत किया।
हम उस देश के वासी हैं जिस देश में गंगा बहती है…, छोड़ो कल की बात, कल की बात पुरानी, भारत का रहने वाला हूँ भारत की बात बताता हूँ, वतन पर जो फिदा होगा अमर वो नौजवां होगा, कन्हैया किसको कहेगा तू मैया, ऐ वतन वतन मेरे आबाद रहे तू, पायोजी मैने राम रतन धन पायो, देश है पुकारता पुकारती माँ भारती जैसे गीतों पर श्रोता झूमते नजर आये। अरुण साहू ने गोविन्द बोलो हरी गोपाल बोलो पर कीर्तन कराया।
इन्होनें गाये गीत
अनुराग किशोर वार्ष्णेय, अमित शर्मा, हरीश आहूजा, गिरीश माथुर, अभिनव सक्सेना, कीर्ती, एंजिल, नंदिनी पाण्डेय, याशिका गुप्ता, शिवांगी दुबे, विनीत शर्मा, विजय शर्मा, प्रतीक्षा धाकरे आदि ने अपने मधुर आवाज में श्रोताओं को मंत्र मुग्ध किया। हारमोनियम पर सुभाष सक्सेना, तबला पर मनीष प्रभाकर और ऑक्टोपैड पर बबलू ने संगत की।
ये रहे उपस्थित
सत्येन्द्र सिसौदिया, सुमन सिसौदिया, जिला युवा संयोजक गिरधर गोपाल, उमेश कुशवाह, मुकेश शर्मा, एम. एम. शर्मा, गिरीश कुशवाह, संगीता, रवि सोनी, अरविन्द श्रीवास्तव, श्रीकृष्ण शर्मा, एस.के. त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।