: आगरा व्यापार मंडल के तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियाँ जोरों पर
Mon, Jul 14, 2025
श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति संग हुई बैठक में मिली सहयोग की प्रतिबद्धता
प्रत्येक रक्तदाता को मिलेगा ब्रांडेड हेलमेट, अध्यक्ष टी एन अग्रवाल की घोषणा
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा 31 अगस्त को आयोजित किए जाने वाले तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मंडल अध्यक्ष टी एन अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजन की योजना एवं व्यवस्थाएं सुचारु रूप से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक मोतीगंज स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई, जिसमें टीएन अग्रवाल ने समिति के पदाधिकारियों से अपील की कि वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता करें। उन्होंने ने घोषणा की कि जो भी रक्तदान करेगा, वह न केवल जीवनदान देगा, बल्कि समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी भी निभाएगा। ऐसे हर रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जो हमारे आभार का प्रतीक होगा। उन्होंने आगे कहा कि समिति की भूमिका पूर्व आयोजनों में भी सराहनीय रही है और इस बार भी उनसे सक्रिय योगदान की अपेक्षा है।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मंत्री राजीव गुप्ता ने बताया कि 31 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 पर प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक लगेगा। शिविर के लिए रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन भी हो रहे हैं।
इस अवसर पर श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल. महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल ‘शालू’, उपाध्यक्ष श्रीनाथ अंसल, कृष्णा कुमार मित्तल, विश्न स्वरूप अग्रवाल, मयंक मंगल, राकेश खण्डेलवाल, पवन गोयल, लक्ष्मी नारायन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: गीता का संदेश, जीवन का प्रकाश: आगरा में 'जिओ गीता परिवार' का गठन
Mon, Jul 14, 2025
महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने किया नेतृत्व, गीता को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
आगरा। धर्म और संस्कृति के पावन संगम की भूमि आगरा में सोमवार को एक दिव्य आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ, जब गीता मनीषी, महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने 'जिओ गीता परिवार – आगरा इकाई' का विधिवत गठन किया।
आवागढ़ हाउस में आयोजित गीता गोष्ठी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अनुयायी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने गीता के जीवनोपयोगी संदेशों को सरल भाषा में प्रस्तुत करते हुए कहा कि गीता चरित्र निर्माण की नींव है। यदि हम इसके वचनों को आत्मसात करें और व्यवहार में लाएं तो जीवन आदर्श बन सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर व्यक्ति को 'गीता पढ़ो, गीता पढ़ाओ और गीता को जन-जन तक पहुंचाओ' का संकल्प लेना चाहिए। विशेष रूप से गृहस्थ जीवन में गीता मार्गदर्शन का अमूल्य स्रोत बन सकती है।
इस मौके पर 'जिओ गीता परिवार, आगरा' के पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए महामंडलेश्वर ने सुरेश अग्रवाल को अध्यक्ष, मनोज अग्रवाल को प्रधान और पीयूष श्रीवास्तव को सचिव नियुक्त किया। स्वामी जी ने निर्देशित किया कि आगरा में शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के माध्यम से गीता प्रचार-प्रसार को गति दी जाए और युवाओं को संस्कारयुक्त बनाने हेतु अभियान को स्कूलों तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, सीताराम मंदिर वजीरपुर के महंत अनंत उपाध्याय, दरिया नाथ मंदिर के महंत सोहेल अग्रवाल, सुजाता अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, विमल गोयल, गौरव अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: शिवभक्ति की दिव्य धाराः सम्पन्न हुआ द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव
Mon, Jul 14, 2025
श्री गिरिराज जी सेवा मंडल (रजि.) द्वारा आयोजित किया गया द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव
शिवमहिमा से गूंजा अग्रसेन भवन, 121 श्री नर्मदेश्वर शिवलिंगों का वैदिक पूजन और महाअभिषेक
आगरा। सावन का पहला सोमवार और शिवभक्ति की सरिता में डूबा आगरा। लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में जब ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा, तो मानो कैलाश स्वयं अवतरित हो गया। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव में शिवलिंगों का पूजन और अभिषेक वैदिक मंत्रों के साथ सम्पन्न हुआ, जिसने हर श्रद्धालु को शिवत्व की अनुभूति से भर दिया।
द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक अनुष्ठानों के साथ दिव्यता में सम्पन्न हुआ। पूरे परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और शिवभक्तों का उत्साह भाव-विभोर कर देने वाला रहा। आचार्य पंडित विष्णु कांत शास्त्री के मार्गदर्शन में हुए आयोजन में 121 श्री नर्मदेश्वर शिवलिंगों का विधिपूर्वक पूजन, अर्चन और रुद्राभिषेक किया गया। लगभग 5 घंटे तक चले इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का जल, दुग्ध, दही, घी, शहद, गंगाजल, नारियल पानी, गन्ने, अनार का रस और तीर्थ जलों से अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
विशेष बात यह रही कि नर्मदा नदी से लाए गए पवित्र शिवलिंगों के रुद्राभिषेक में कैलाश मानसरोवर, शिप्रा, ब्रह्मकुंड, सरयू, गोदावरी, यमुना सहित द्वादश पवित्र तीर्थों के जल का प्रयोग किया गया, जिसने अनुष्ठान को और भी दिव्य बना दिया।
संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन शिवभक्ति के माध्यम से सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार का माध्यम है। अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल ने श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक में भाग लेकर शिवकृपा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मयंक अग्रवाल ने बताया कि आयोजन स्थल पर ही पूजन सामग्री श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गई थी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विजय अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थितजनों के लिए फलाहार प्रसादी की सुंदर व्यवस्था की गई।
आयोजन में शिवभाव, अनुशासन और सेवा भावना का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और मनोकामना पूर्ति की कामना के साथ भावपूर्ण आह्वान किया कि हे भोलेनाथ, हमारे जीवन में भी आपकी कृपा का अमृत बरसे।
इस अवसर पर महंत कपिल नागर, नितेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अमित पाराशर, आशीष गोयल, सुनील सिंघल, सुमित सिंघल, किशन कुमार गर्ग, नरेंद्र गर्ग, विशाल बंसल, विष्णु बंसल आदि उपस्थित रहे।