: 15 को श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा में बिखरेगा आस्था का रंग, देशभर से आएंगे कलाकार, पुणे का बैंड होगा आकर्षण
Wed, Mar 13, 2024
श्री खाटू श्याम जी मंदिर में चल रही श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा की जोर शोर से तैयारी
15 मार्च को श्रीमनः कामेश्वर मंदिर से आरंभ होगी शोभायात्रा, जीवनी मंडी पर होगा विश्राम
खाटू श्याम मंदिर परिसर में कोलकाता के कारीगर तैयार कर रहे बाबा का भव्य डोला
उज्जैन का शिव गर्जना बैंड देगा शोभायात्रा में विशेष प्रस्तुति, रंगों की होगी आतिशबाजी भी
आगरा। रंग और उमंग का माह फाग आ चुका है और इसी के साथ अवसर आ गया है श्याम प्रेमियों के लिए श्रीश्याम बाबा की भक्ति से परिपूर्ण होने का। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दस दिवसीय श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा की तैयारियां अपनी पूर्णता की ओर है। 15 मार्च को दोपहर 12 बजे श्रीमनः कामेश्वर मंदिर से श्रीखाटू श्याम बाबा की दिव्य और भव्य शोभायात्रा नव्य उत्साह के साथ आरंभ होगी। यात्रा का विश्राम जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पर होगा। कोलकाता से आये कारीगर शोभायात्रा में निकाले जाने वाले बाबा के डोले को आकर्षक रूप प्रदान कर रहे हैं।
श्रीखाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी परिसर में श्रीश्याम फाल्गुन शाेभायात्रा में शामिल होने वाले बाबा के डोले काे अंतिम रूप देते कोलकाता के कारीगर।
शोभायात्रा संयोजक अजय गर्ग “अवागढ़” ने बताया कि श्री खाटू श्याम बाबा के आशीर्वाद और प्रेरणा से सभी श्याम प्रेमी अपने-अपने स्तर से शोभायात्रा को सुशोभित करने का प्रयास कर रहे हैं। शोभायात्रा में हजारों निशान और कलश जहां सनातन धर्म की पताका को लहराएंगे तो वहीं पुणे का बैंड, उज्जैन और जापान में अपनी प्रस्तुति दे चुका शिव गर्जना बैंड, विश्व विख्यात श्याम बैंड वाद्य यंत्रों से अपनी प्रस्तुतियां देगा।
आगरा का सुधीर बैंड 100 से अधिक कलाकारों के साथ विशेष प्रस्तुति देगा तो 12 अन्य बैंड भी शोभायात्रा को अपनी मधुर धुन से भक्तिमय वातावरण प्रदान करेंगे। मंदिर में बाबा का विशेष मेवा श्रंगार कोलकाता के कलाकारों द्वारा किया जाएगा। मेला संयोजक अजय अवागढ़ ने बताया कि शोभायात्रा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 व्यवस्था प्रमुख बनाए गए हैं, जिनके साथ 21− 21 लोगों का दल रहेगा।
काली का अखाड़ा और विशाल नंदी होंगे आकर्षण
श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि शोभायात्रा में काली का अखाड़ा, बाहुबली हनुमान जी के साथ वानर सेना, करीब 8 बाइ 14 फुट के विशाल नंदी शिव बारात में जब चलेंगे तो हर कोई हतप्रभ हो देखता रह जाएगा। शिव बारात में 11 अघोरी भी सम्मलित होंगे। श्रीमनः कामेश्वर मंदिर, बिहारी जी, श्रीगिर्राज जी, भैरव नाथ, कैलादेवी आदि की विशेष झांकियां शोभायात्रा में होंगी।
मार्ग में होगी इत्र और हर्बल गुलाल की वर्षा
सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा का सम्पूर्ण मार्ग में भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके लिए विशेष तैयारियां अभी से चल रही हैं। सामाजिक और व्यापारिक संगठन शोभायात्रा में सम्मलित होते हुए विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं आरती करेंगे। जीवनी मंडी चैराहा पर मातंगी ग्रुप द्वारा भव्य स्वागत होगा, जिसमें गुलाल की आतिशबाजी, कलाकारों की प्रस्तुति भी होगी। पूरे मार्ग में इत्र और हर्बल गुलाल की वर्षा की जाएगी। साथ ही प्रसाद का वितरण होगा। ढोल नगाड़े और ताशे के साथ उंट, घोड़े बग्घी भी शोभायात्रा में चलेगी।
हजारों निशान चलेंगे साथ
कोषाध्यक्ष विकास गोयल ने जानकारी दी कि शोभायात्रा में हजारों निशान लेकर श्याम प्रेम चलेंगे। बेलनगंज से विशाल कलश यात्रा में पीत परिधानों को धारण कर हजारों महिलाएं सम्मलित होंगी। शोभायात्रा विश्राम पर शंखनाद के साथ महाआरती होगी। श्रीश्याम सेवक परिवार द्वारा सेवा का डोला भी निकाला जाएगा।
दिया जा रहा द्वार-द्वार जाकर निमंत्रण
श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा का निमंत्रण सोशल मीडिया के दौर में भी व्यक्तिगत रूप से दिया जा रहा है। जहां पहुंचना संभव नहीं है वहां आत्मीयता से परिपूर्ण निमंत्रण को सोशल मीडिया के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।
: फ्लैटेड इंडस्ट्री कॉम्पलेक्स की प्रगति को मिल रही गति, विद्युत सबस्टेशन स्थापना संग नये आवंटन होंगे शुरू
Wed, Mar 13, 2024
फ्लैटेड फैक्ट्री इंडस्ट्री कॉम्पलेक्स में लगेगा पांच मेगावॉट का सब स्टेशन, जल्द शुरू होगा सी और डी ब्लॉक का आवंटन भी
आगरा के फाउंड्री नगर क्षेत्र में बन रहा है प्रदेश का पहला फ्लैटेड फैक्ट्री इंडस्ट्री कॉम्पलेक्टस
उप्र लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने अपने कार्यालय की लखनऊ से मुख्य अभियंता एवं अधिनस्थाओं संग बैठक
प्रगति रिपोर्ट देख बोले, उद्यमियों को दिखनी चाहिए सरकार की मंशा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना हो जल्द पूरा
अधिकारियों को दिया निर्देश, दीपावली तक उद्यमियों को हस्तांरित किये जाएं ए और बी ब्लॉक
125 करोड़ की लागत से बन रहा है फ्लैटेड फैक्ट्री इंडस्ट्री कॉम्पलैक्स, विभिन्न उद्योग होंगे स्थापित
आगरा। प्रदेश के उद्योग को तरक्की की नवीन राह दिखाने के उद्देश्य से फाउंड्री नगर क्षेत्र में आरंभ होने जा रहे प्रदेश के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री इंडस्ट्री कॉम्पलेक्स निर्माण में गति लाने के लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकार की विकास की मंशा दिखनी चाहिए। उन्होंने जल्द से जल्द ए और बी ब्लॉक उद्यमियों को हस्तांतरित करने के भी निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उप्र लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग (दर्जा राज्यमंत्री) ने अपने कार्यालय पर लखनऊ से आये मुख्य अभियंता प्रभात वापजेयी संग बैठक की। उनके साथ अधिशाषी अभियंता वाईपी सिंह, अधिशाषी अभियंता इलैक्ट्रिकल यूवी सिंह एवं अधिनस्थ मौजूद रहे।
बैठक में उप्र लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि फ्लैटेड फैक्ट्री इंस्डस्ट्री कॉम्पलेक्स मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया के ध्येय को पंख लगेंगे। सरकार की मंशा और संकल्प देश में औद्योगिक क्रांति लाना है। इस संकल्प को पूर्ण करने के लिए अति शीघ्र फ्लैटेड फैक्ट्री में उद्यमियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंगे निर्देशित किया कि ए और बी ब्लॉक को जल्द से जल्द उद्यमियों को हस्तांरित किया जाए, ताकि दीपावली तक दोनों ब्लॉक में उद्योग आरंभ हो सकें। वहीं उद्यमियों के रुझान को देखते हुए सी और डी ब्लॉक के आवंटन आरंभ कर दिये जाएं।
बैठक में उपस्थित टोरंट पावर के सहायक प्रबंधक विवेक शर्मा, नवीन स्थापना प्रबंधक विमर्श एवं अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि कॉम्पलेक्स में उद्यमियों को बिजली संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए पांच मेगावाट 33ध्11 सबस्टेशन की स्थापना हो। बैठक में प्रोजेक्ट के लेआउट को लेकर भी चर्चा की गयी।
राकेश गर्ग ने बताया कि 125 करोड़ की लागत से फाउंड्री नगर क्षेत्र में प्रदेश का पहला फ्लैटेड फैक्ट्री इंडस्ट्री कॉम्पलेक्स पूर्ण आकार ले रहा है। कॉम्पलैक्स में प्रदूषण रहित रेडिमेड गारमेंट, जूता, ब्रश, कालीन दरी, फूड प्रोसेसिंग आदि दर्जनों उद्योग स्थापित होंगे और आगरा को न सिर्फ प्रदेश में बल्कि पूरे देश में औद्योगिक पहचान देंगे। बैठक में मंथन किया गया कि प्रोजेक्ट से जुड़ रहे उद्यमियों को पूर्ण सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में फ्लैटेड फैक्ट्री इंडस्ट्री कॉम्पलेक्स के वास्तुविद् अजीत फौजदार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, मार्केटिंग देख रहे राजेश एवं कुशल आदि उपस्थित रहे।