: जलाभिषेक के साथ ही प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर मेले का शुभारंभ
Sun, Aug 11, 2024
आगरा 11 अगस्त। रविवार को शाम 5.30 बजे पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर हर हर महादेव के उदघोष, वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि विधान से जलाभिषेक, पूजन और भोग लगाकर सावन के चौथे सोमवार को लगने वाले पृथ्वीनाथ मेला का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी विजय शिवहरे, विभाग संघ चालक राजन, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन प्रदीप भाटी, के के भारद्वाज, पार्षद रवि दिवाकर, रितेश शुक्ला, अजय शास्त्री आदि ने मेले का शुभारंभ किया।
मंदिर के महंत पंडित अजय राजौरिया ने बताया कि पवित्र श्रावण मास के चौथे सोमवार को प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर प्रातः 3.30 बजे जलाभिषेक व रुद्राभिषेक और प्रातः 4 बजे आरती के बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे। दिन भर में छह पहर की आरती होगी।
शिवभक्त श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, शहद, घी, इत्र आदि अर्पित करके बाबा भोलेनाथ का गुणगान करेंगे और दिन भर भक्तों की ओर से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, दर्शन और पूजन जारी रहेगा। शाम 6 बजे बाबा पृथ्वीनाथ का शृंगार तत्पश्चात आरती और फूल बंगला सजाकर, छप्पन भोग अर्पित किए जायेंगे। भजन संध्या में कलाकार भगवान के सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। शयन आरती रात 11.30 बजे और रात्रि 12 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मेले भारतीय संस्कृति और सभ्यता की प्राचीन धरोहर हैं।सामाजिक सौहार्द और एकता में मेलों की महती भूमिका होती है। उन्होंने पूजन के दौरान शहर और विश्व के कल्याण के लिए बाबा पृथ्वीनाथ से प्रार्थना की है।
सज गईं दुकानें
मेले में खिलौने, साज-सज्जा व दैनिक उपयोग के सामान, खान-पान की अस्थाई दुकानें रविवार की शाम से ही सजना शुरू हो गईं। छोटे झूले भी लगे हैं। प्रशासन ने मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में श्रद्धालु लाइन बद्ध होकर प्रवेश द्वार से प्रवेश करेंगे, दर्शन पूजन के बाद निकास द्वार से प्रस्थान करने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार पर दो डीएफएमडी लगाई गई हैं और बेरीकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल, स्वयंसेवक और सामाजिक संस्थाएं मुस्तैद रहेंगी। मंदिर को फूलों और झालरों से आकर्षक सजाया गया।
: हरियाली तीज में मिला मायके का दुलार, पौधों का उपहार
Sun, Aug 11, 2024
अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा अतिथिवन में उत्साह व उमंग के साथ आयोजित किया गया तीजोत्सव
आगरा। मायके में सखियों संग की जाने वाली मस्ती और शरारतें मानों करवट लेकर फिर लौट आयी। अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा आयोजित तीज उत्सव की मस्ती और उल्लास ने बचपन में मायके में मनायी जाने वाली तीज की यादों को फिर ताजा कर दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाली हर सखी का कुछ सा ही अनुभव था, जहां सभी को उपहार स्वरूप पौधे प्रदान किए गए, जिससे लोगों में पर्यावरण को स्वस्छ और सुन्दर बनाए रखने के प्रति जागरुकता बनी रहे। साथ ही संगठन का प्रथम पूर्ण पूर्ण होने पर वार्षिकोत्सव भी मनाया गया।
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में आयोजित अग्रवाल संगठन रामबाग के तीजोत्सव का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विनोद अग्रवाल व विशिष्ठ अतिथि विनय अग्रवाल ने मां सरस्वती का पूजन पर उनकी तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष निशा सिंघल ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर व पटका पहनाकर किया। कहा कि हरियाली तीज वह त्योहार है जो सभी सखियों सहेलियों को एक टूट बंधन में जोड़कर रखता है।
इस अवसर पर रामबाग में आयोजित होने वाली महाराजा अग्रसेन जयन्ती के लिए चुने गए महाराजा अग्रसेन व महारानी माधवी के स्वरूप लाजपत अग्रवाल व निर्मला देवी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने सावन के गीत और मल्हार गाकर तीजोत्सव का खूब लुत्फ उठाया, नृत्य किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीज क्वीन रेखा मित्तल बनी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक ज्हानवी सिंघल, कोमल, नेहा, सुमन, रेखा, बबिता, कृष्णा, गीता, शिल्पा, प्रीति, नीलम आदि उपस्थित थीं।
: उद्यमी महासम्मेलन में कैबिनेट मंत्रियाें के समक्ष रखीं समस्याएं, जल्द समाधान मिलने का आश्वासन
Sun, Aug 11, 2024
प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल और उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने की महासम्मेलन में सहभागिता
एमएसएमई कैबिनेट मंत्री राकेश सचान एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने समझीं उद्यमियों की समस्याएं
आगरा। लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित उद्यमी महासम्मेलन में प्रदेश के उद्यमियों की समस्याओं को प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने रखा। शाहजहांपुर में हुए कार्यक्रम के दौरान, मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के एमएसएमई कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं एवं जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, सुरेश खन्ना एवं विशिष्ट अतिथि डॉ सुधीर गुप्ता एमएलसी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल एवं प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, ब्रज संभाग महामंत्री राकेश अग्रवाल, ने मां भारती और विश्वकर्मा जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। आगरा से शाहजहांपुर महासम्मेलन में सम्मलित होने गए लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल और उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल का दोनों ने कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि सहभागिता की
अपनी बात रखते हुए प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि सरकार की नियत और नीति साफ है लेकिन नीचे के अधिकारियों के कारण उद्यमियों का शोषण होता है। त्योहार आते ही
जीएसटी विभाग सक्रिय हो जाता है। सर्वे के नाम पर शाेषण होता है। उन्होंने सरकार से इस समस्या पर गंभीरता से चिंतन करने का निवेदन किया। कहा कि व्यापारियों को देखने का नजरिया बदलना होगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने कहा कि युवाओं का पलायन रोकना होगा नये उद्योगों का सृजन करना होगा सरकार को नीति बनाकर करना होगा सहयोग साथ ही कहा कि उद्यमियों को मिलने वाली सब्सिडी वाली योजनाओं में सब्सिडी सीधी उद्यमियों के खाते में जाए ताकि वह उसका सीधा लाभ ले सकें अन्यथा देर या विलंब से मिलने के कारण उद्यमियों का उत्साह होता है कम, सरकार सब्सिडी देने का सीधा करें प्रयास
उद्यमियों की समस्याएं सुनने के बाद एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश को औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए कटिबध है। हमारा प्रयास उद्योगपतियों के साथ लगातार संपर्क और संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यमी बनाएगा युवा उद्यमी विकास अभियान ,,,इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार एक लाख युवाओं को प्रतिवर्ष स्व रोजगार स्थापित कराएगी। इस प्रकार 10 वर्ष में प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार मिल सकेगा वित्तीय सहायता के माध्यम से बैंकों से वित्तीय मदद दिलाई जाएगी और सब्सिडी प्रदान की जाएगी। वर्तमान में प्रदेश में भयमुक्त वातावरण उद्योग युक्त वातावरण हुआ है। उन्होंने मंच से ही अपने विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिया कि सरकार की कार्य योजनाओं को उद्यमियों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करें और संपर्क और संवाद के माध्यम से उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करें।
प्रदेश वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि भारत की जीडीपी ही में ही नहीं उत्तर प्रदेश की जीडीपी में एमएसएमई उद्योग का बड़ा योगदान है। एक्सपोर्ट (निर्यात) के माध्यम से हम उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन इकोनामी की ओर पहुंचा सकते हैं। संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। सरकार की नीति और नियत, उद्योग और उद्योगपतियों के पक्ष में है। इससे अच्छा वातावरण पहले कभी नहीं था।