: आगरा में हो रही सोलर एनर्जी से बिजली की खेती
Mon, Jan 20, 2025
आगरा। आगरा के 678 परिवार सोलर एनर्जी से घरों में बिजली के खेती कर रहे हैं। और अपने बिजली के बिल को बचाकर अपने बजट को बेहतर बना रहे हैं। होटल होली-डे-इन में आज प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना के प्रति आमजन को जागरूक करने व सोलर एनर्जी को बढ़ावा देकर प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से सोलर वन एनर्जी द्वारा गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अदानी सोलर के नार्थ ईस्ट हेड अरविन्द सेमवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणेश वंदना के साथ प्रारम्भ हुए कार्यक्रम में अरविन्द सेमवाल ने प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योजना का उद्देश्य बताते हुए कहा कि लक्ष्य है कि हर घर अपनी बिजली खुद बनाए। एक बार पैनल सिस्टम लगाकर व्यक्ति लगभग 25 वर्ष तक मुफ्त बिजली पा सकता है। तीन किलोवॉट के सोलर पैनल से प्रतिमाह लगभग 350-400 यूनिट बिजली बनाई जा सकती है, जो एक परिवार के लिए पर्याप्त है।
सोलर वन एनर्जी के संस्थापक व निदेशक कपिल विधानी ने कहा कि भारत में एक करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना का लाभ देने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना का लाभ उठाने में उप्र भारत में चौथे नम्बर (50 हजार पैनल सिस्टम लग चुके हैं) पर है। सोलर वन एनर्जी के प्रशान्त जी ने बताया कि www.pmsuryaghar.gov.in पर या नेडा कार्यालय से लाभार्थी सभी जानकारी उपलब्ध कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नेडा के यूपी जोनल हेड संतोष वर्मा, चंचल कुमार, तुषार मिश्री आदि उपस्थित थे।
खेत, स्कूल व हॉस्पीटल भी ले सकते हैं सोलर एनर्जी का लाभ
एलएमबी-1, एलएमबी-5, एलएमबी-4 ए, एलएमबी 4बी, एचबी-1 कनेक्शन कैटेगरी के तहत लाभार्थी सरकार नेट मीटरिंग का फायदा ले सकते हैं।। उप्र में घरेलू बिजली की कीमत रु. 7 प्रति यूनिट है तो उक्त कनेक्शन के तहत अतिरिक्त बिजली बनने पर सरकार खरीद लेगी। वहीं अन्य कमर्शियल कनेक्शन पर उपभोक्ता 3 रुपए 58 पैसे में सरकार को प्रति यूनिट बिजली बेच सकता है।
3-10 किलोवॉट पर मिलेगा 30 फीसदी तक अनुदान
तीन किलोवॉट के घरेलू सोलर प्लांट पर 78 हजार का अनुदान प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना के तहत दिया जाएगा। प्रदेश द्वारा 30 हजार के अनुदान सहित साभार्थी 30 प्रतिशत तक अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। 3-10 किलोवॉट तक के घरेलू पैनल सिस्टम पर अनुदान दिया जाएगा।
: रावण है मायावी तो राम हैं मायापति। मायावी नहीं, मायापति बनिए - डॉ. कुमार विश्वास
Sun, Jan 19, 2025
एआई के खतरों से बचाएगी राम कथा..
युग वक्ता डॉ. कुमार विश्वास के श्री मुख से प्रभु राम की कथा के मार्मिक प्रसंगों ने हजारों आगरा वासियों को किया भाव विभोर, उमड़ा आस्था का सैलाब
वामपथ पर जाती हुई युवा पीढ़ी को रामपथ पर ला सकूं, यही प्रयास-यही प्रार्थना -डॉ. कुमार विश्वास
आगरा। बीएन परिवार और श्री राम सेवा मिशन द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग स्क्वायर में आयोजित अपने-अपने राम कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार शाम अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त राम कथा मर्मज्ञ एवं युग वक्ता डॉ. कुमार विश्वास के हजारों दीवानों के रूप में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हजारों लोगों से खचाखच पंडाल भरने के कारण सेंकड़ों लोग बाहर ही रह गये। उन्हें बहुत प्रयास करने के बाद भी अंदर स्थान न मिल सका। वे मायूस रहे लेकिन अंदर बैठे हजारों राम रसिक राम कथा के मार्मिक प्रसंग कुमार विश्वास की रोचक शैली में सुनकर भाव विभोर हो गए। आंखों से आंसुओं की धारा बहती रही। जय जय सियाराम की गूंज के बीच अपने-अपने राम की मधुर स्वर लहरी ने मन प्राणों को रोमांचित कर दिया।
राम केवट मैत्री की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे परिवारों में मैत्री समाप्त हो रही है। हमारे मित्र आर्थिक स्थितियों से बदल रहे हैं। लोग मित्रों को भूल जाते हैं। कितने भी बड़े हो जाना, कभी अपने मित्रों को मत भूलना। जिस तरह सुदामा के बिना द्वारिका सूनी है, इसी तरह अगर आपका अयोध्या में राज्याभिषेक हो और उस समय आपका मित्र केवट नहीं आए तो अयोध्या सूनी है।
भूमि से उत्पन्न माता सीता के प्रसंग में उन्होंने श्रम का महत्व समझाते हुए कहा कि एक राजा ने अपनी जनता को अकाल से पीड़ित देखा तो खुद हल चलाने लगे। उनको सीता तब मिलीं जब वह हल चला रहे थे, श्रम कर रहे थे। आज पश्चिम ने श्रम का महत्व जीरो कर दिया है। हम लोग पत्नी, बच्चों, सेवकों पर चिल्लाते हैं क्योंकि हमारे जीवन से श्रम की उपादेयता कम करने का उपक्रम किया गया। हमने श्रम को समाप्त कर दिया। हमने राम सुने होते तो समझ में आता कि उन्होंने खुद पंचवटी में अपनी कुटिया खड़ी की थी। साधनों के भोग से शांति नहीं मिलती। इसीलिए सत्यमेव जयते के साथ श्रम एव जयते का नारा भी अब हमें बुलंद करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम अपने-अपने राम के माध्यम से जिस विश्वविद्यालय को बनाने का प्रयास कर रहे हैं, वहां से निकले विद्यार्थी का तन, मन और आत्मा ऑर्गेनिक होगी। मेरा यही प्रयास और यही प्रभु राम से प्रार्थना है कि मैं वाम पथ पर जाती हुई युवा पीढ़ी को राम पथ पर ला सकूं।
उन्होंने बेटियों को समझाया कि जो बच्चियाँ अपने पिता से सब कुछ कह सकती हैं, उनका जीवन में कोई दुरुपयोग नहीं कर सकता। पिताओं से कहा कि वह अपनी बेटियों के मित्र बनें। आपने उन्हें कंधा नहीं दिया तो कोई गैर सात्विक व्यक्ति उसे कंधा देगा। आपके घर की श्रद्धा किसी नीच पापी के सूटकेस में 36 टुकड़े होकर आपको मिलेगी।
गौतम ऋषि और अहिल्या के प्रसंग में उन्होंने बताया कि इंद्र आज की एआई तकनीक के सहारे ही गौतम ऋषि का मायावी रूप धर के अहिल्या से मिलने पहुंचे। एआई तकनीक श्मायाश् है। रावण मायावी है तो राम माया पति। आप मायावी नहीं, माया पति बनिए। एआई को पर्सनल लस्ट के लिए प्रयोग करोगे तो विश्व का नाश होगा और अगर विश्व मंगल के लिए प्रयोग करोगे तो भारत विश्व गुरु बनेगा..
अंतिम दिन उन्होंने आगरा के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि कि इतना तो मैं अपने भाइयों के साथ भी नहीं रहा, जितनी यात्राएं मैंने आगरा के अपने अनुज रमेश मुस्कान के साथ देश-विदेश में की हैं।
इससे पूर्व, उद्घाटन के दौरान बीएन परिवार के मुखिया और श्री राम सेवा मिशन के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, सांसद रामशंकर कठेरिया, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, जिला जज विवेक सिंघल, श्री राम सेवा मिशन के राष्ट्रीय संयोजक सचिन अवस्थी, बाईके गुप्ता (शारदा ग्रुप), अनुभव अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, शुभम अवस्थी, आशिमा अग्रवाल, डॉ. प्रियम अवस्थी, अशोक चौबे एडवोकेट, संजय गोयल, अनुराग सिन्हा, अनिल वर्मा एडवोकेट और मनोज अग्रवाल (पोली भाई) प्रमुख रूप से मौजूद रहे। आरंभिक सत्र का संचालन देश की मशहूर कवयित्री डॉक्टर कविता तिवारी ने किया।
: विशाल ने कायम की मिसाल, 85 मरीजों के करवाए निःशुल्क पित्ताशय की पथरी एवं अपेंडिक्स के आपरेशन
Sun, Jan 19, 2025
लॉयंस क्लब आगरा विशाल एवं डॉ दिव्या प्रकाश मेमोरियल फाउंडेशन ने लगाया स्व. डॉ दिव्या प्रकाश की स्मृति में आपरेशन शिविर
सिकंदरा स्थित शांति वेद हॉस्पिटल में लगा था 29 वां शिविर, 82 यूनिट रक्तदान भी
राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित डॉ अजय प्रकाश और उनकी टीम ने किये आपरेशन
आगरा। स्वास्थ्य सेवाएं यदि समाज में जन− जन तक पहुंच जाएं तो हर जरूरमंद मरीज की सहायता हो सकती है। धन का अभाव किसी की जान नहीं लेगा और बिना इलाज के किसी का दम नहीं टूटेगा। लॉयंस क्लब आगरा विशाल एवं डॉ दिव्या प्रकाश मेमोरियल फाउंडेशन विगत 28 वर्षाें से इसी ध्येय वाक्य पर चल रहा है। इसी कड़ी में स्व. डॉ दिव्या प्रकाश की स्मृति में लगाए गए 29 वें निःशुल्क पित्ताशय की पथरी एवं अपेंडिक्स के आपरेशन शिविर का समापन हुआ।
रविवार को सिकंदरा स्थित शांति वेद इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस पर लगाए गए शिविर का समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूरन डावर, डॉ अजय प्रकाश और डॉ ज्ञान प्रकाश ने दीप प्रज्जवलित कर किया। अध्यक्ष हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि विगत माह 26 दिसंबर को शिविर का शुभारंभ हुआ था। शिविर में 117 मरीजों के रजिस्ट्रेशन हुए थे जिसमें से 85 मरीजों के ऑपरेशन हुए। 82 यूनिट रक्तदान मरीजों की ओर से किया गया।
कैंप चेयरपर्सन सुनील गुप्ता ने बताया कि एक दिन में 85 आपरेशन कर राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने वाले डॉ अजय प्रकाश ने अपनी टीम के साथ शिविर में आपरेशन किये। सभी मरीजों को उनकी आयु एवं स्थिति के हिसाब से हॉस्पिटल से छुट्टी देते हुए निःशुल्क दवा उपलब्ध करवायी गयीं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अजय प्रकश ने बताया कि समाज के हर तबके तक निःशुल्क चिकित्सकीय सहायता पहुंचाना शिविर का उद्देश्य रहा है। फास्ट फूड एवं आधुनिक जीवन शैली के कारण आज अपेंडिक्स और पित्ताशय की पथरी के मरीजों की संख्या अधिक बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि आज पार्क खाली पड़े हैं, लोग टहलना नहीं चाहते। स्थिति ये है कि शिविर आए मरीजों में से दो मरीज पित्ताशय के कैंसर से पीड़ित मिले।
डॉ ब्लॉसम ने कहा कि कुछ समय पूर्व महिलाएं पित्ताशय की पथरी से पीड़ित होती थीं किंतु आज पुरुष भी अधिक मरीज हो रहे हैं। साथ ही बच्चों में भी पित्ताशय की पथरी की हो रही है।
लेप्रोस्टोपी सर्जन डॉ श्वेतांक प्रकाश ने कहा कि अपेंडिक्स का दर्द भी बहुत अधिक पीड़ा देता है। इसकी अनदेखी घातक हाे सकती है। इसलिए समय रहते इसका आपरेशन करवा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी के प्रति लापरवाही बरतना हानिकारक है। सावधानी बरतें और समय पर इलाज लें।
वरिष्ठ सदस्य अजय बंसल ने बताया कि शिविर में आपरेशन दूरबीन विधि से किये गए और मरीजों की निःशुल्क जांच करवायी गयी थी। कार्यक्रम का संचालन सीए राकेश अग्रवाल ने किया।
शिविर में सहयोग के लिए सचिव सुनील बंसल, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल, कैंप चेयरपर्सन सुनील गुप्ता ने डॉ अजय प्रकाश, डॉ संजय प्रकाश, डॉ स्वाति प्रकाश, डॉ श्वेतांक प्रकाश, डॉ ब्लॉसम प्रकाश, डॉ शिवांक प्रकाश, डॉ दीप्ति माला, डॉ तन्वी, सम्मान किया। इस अवसर पर हरिमोहन गर्ग, सुनील अग्रवाल, चंदर माहेश्वरी, नरेश जैन, रविन्द्र अग्रवाल, कांता माहेश्वरी आदि उपस्थित रहीं।