आगरा। “प्रेम मगन मुख बचन न आवा। पुनि पुनि पद सरोज सिर नावा॥” वर्षों की प्रतीक्षा, अटूट विश्वास और निष्कपट समर्पण जब साकार हुआ, तो रामलीला मैदान भक्ति और भावनाओं से सराबोर हो उठा। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के शबरी की कुटिया में आगमन, उनके चरणों में बार-बार शीश नवाती भक्त और शबरी के प्रेम से अभिभूत प्रभु के स्नेहपूर्ण व्यवहार ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित उत्तर भारत की प्रमुख श्रीरामलीला में मंगलवार को कबंध राक्षस वध एवं शबरी मिलन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया।
प्रभु श्रीराम ने कबंध राक्षस को दिलाई मुक्ति
लीला का आरंभ माता सीता की खोज में दंडक वन में विचरण कर रहे प्रभु श्रीराम और भ्राता लक्ष्मण के कबंध राक्षस से सामना होने के प्रसंग से हुआ। बिना मस्तक और गर्दन वाले विचित्र राक्षस के धड़ में केवल एक आंख थी। उसने अपनी विशाल भुजाओं से दोनों भाइयों को जकड़ लिया। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण ने उसकी दोनों भुजाएं काटकर उसे परास्त किया।
पराजित होने के बाद कबंध ने दोनों भाइयों का परिचय जाना और अपने पूर्व जीवन की कथा सुनाई। प्रभु श्रीराम की कृपा से उसे मुक्ति प्राप्त हुई। कबंध वध के पश्चात श्रीराम और लक्ष्मण शबरी के आश्रम पहुंचे, जहां वर्षों से प्रभु के आगमन की प्रतीक्षा कर रही शबरी की भक्ति ने लीला को करुणा, प्रेम और समर्पण से परिपूर्ण कर दिया।
गुरु के वचनों पर विश्वास, हर पल प्रभु के इंतजार में बीता जीवन
शबरी प्रसंग में गुरु के वचनों के प्रति अटूट विश्वास और प्रभु के प्रति अनन्य प्रेम का अद्भुत चित्रण किया गया। शबरी प्रतिदिन आश्रम के मार्ग को निहारती थीं। उन्हें पूर्ण विश्वास था कि एक दिन उनके आराध्य अवश्य आएंगे। उनकी प्रतीक्षा महज किसी अतिथि के आगमन की नहीं, बल्कि जीवन के परम उद्देश्य की प्रतीक्षा थी।
प्रभु श्रीराम के दर्शन होते ही शबरी की आंखों से अश्रुधारा बहने लगी। उन्होंने बार-बार प्रभु के चरणों में शीश नवाया और प्रेमपूर्वक बेर अर्पित किए। शबरी की विनम्रता और दीनभाव के बीच प्रभु श्रीराम ने उनके प्रेम एवं भक्ति को सर्वोपरि स्थान दिया।
नवधा भक्ति का उपदेश, समरसता का दिया संदेश
शबरी को प्रभु श्रीराम द्वारा नवधा भक्ति का उपदेश देने के प्रसंग ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। प्रभु ने सत्संग, सेवा, विश्वास, निर्मल मन और समर्पण जैसे भक्ति के मूल तत्वों के माध्यम से जीवन में सदाचार और आध्यात्मिकता का संदेश दिया।
“जाति-पांति कुल धर्म बड़ाई। धन बल परिजन गुन चतुराई॥” रामचरितमानस की इस चौपाई के भाव ने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। प्रभु श्रीराम ने शबरी के प्रेम को स्वीकार कर यह स्थापित किया कि सच्ची भक्ति में जाति, कुल, धन और सामाजिक प्रतिष्ठा का कोई महत्व नहीं है। प्रभु के लिए निष्कपट प्रेम और निर्मल हृदय ही सर्वोपरि हैं।
शबरी के छलकते आंसू, प्रभु के चरणों में उनका बार-बार नमन और श्रीराम का वात्सल्यपूर्ण व्यवहार देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। भक्ति, करुणा और सामाजिक समरसता से ओतप्रोत इस लीला ने श्रद्धालुओं को प्रेम, विनम्रता और समर्पण की प्रेरणा दी।
आरती में शामिल हुए कमेटी के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु
लीला के समापन पर भगवान श्रीराम की आरती की गई। इस अवसर पर महामंत्री राजीव अग्रवाल, भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, मुकेश जोहरी, अंजुल बंसल, विजय गोयल, मनोज अग्रवाल, संजय तिवारी, ताराचंद, प्रवीण बंसल, आनंद मंगल, महेश चंद्र अग्रवाल, गिरधर शरण अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, राहुल शर्मा, दिलीप अग्रवाल, राहुल गौतम, आयुष अग्रवाल, मनीष शर्मा, विकास अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, राघव शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।