: 70 वर्षीय वृद्धा की हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ
Sat, Sep 30, 2023
Agra. पिछले दिनों फतेहपुर सीकरी के गांव चुरियारी में 70 वर्षीय वृद्धा के शव मिलने के मामले में पुलिस के हाथ खाली है। घटना को लगभग एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है जबकि पीड़ित की ओर से नाम दर्ज रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर आज मृतका के पारिवार के लोग पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर इस मामले में उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की।
फतेहपुर सीकरी के गांव चुरियारी निवासी वृद्ध महिला ओम देवी पत्नी खेमचंद गुरुवार को प्रात: किसान मोहन सिंह उर्फ बनिया के खेत में बाजार की मजदूरी करने गई थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने महिला की काफी तलाश की। कोई सुराग नहीं लगने पर विगत शाम थाना सीकरी में महिला के गुम होने की तहरीर दी। शुक्रवार सुबह खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने महिला का खून से लथपथ शव खेतों में पड़े देखा तो सनसनी फैल गई। वहीं वृद्ध महिला की निर्मम तरीके से हत्या किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि महिला की लूट व रेप के बाद हत्या की गई है।
पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि एक हफ्ता बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। इस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस उचित कार्यवाही नहीं कर रही है जबकि पोस्टमार्टम में मारपीट के निशान है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
: शिल्पग्राम में 14 अक्टूबर से होगा 'प्री ताज महोत्सव', तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने की बैठक
Sat, Sep 30, 2023
'यूपी थीम' पर होगा 'प्री ताज महोत्सव', एक माह तक चलेगा आयोजन
विदेशी पर्यटकों को लुभाने हेतु 'प्री ताज महोत्सव' में यूपी की ODOP उत्पाद, प्रसिद्ध लज़ीज़ व्यंजन की स्टालें लगेंगी
यूपी-राजस्थानी-गुजराती संस्कृति के रंग में रंगेगा शिल्पग्राम, हाथी-ऊँट की सवारी बनेंगे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र
आगरा. 30 सितंबर। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी के निर्देशन में आगरा में टूरिज्म कल्चर और टूरिस्ट नाईट स्टे बढ़ाने के उद्देश्य से शिल्पग्राम में 'प्री ताज महोत्सव 2023' आयोजित कराए जाने की तैयारी चल रही है। इस कार्यक्रम की तैयारियों और प्रगति रिपोर्ट जानने के लिए मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आज शनिवार को बैठक हुई। बैठक में एडीए वीसी, सीडीओ, संयुक्त निदेशक पर्यटन, अपर नगर आयुक्त, एसीपी ताज सुरक्षा आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।
प्री ताज महोत्सव शिल्पग्राम में लगभग एक महीने तक आयोजित होगा जो 14 अक्टूबर से 14 नवंबर 2023 तक चलेगा। यह सांस्कृतिक महोत्सव 'उत्तर प्रदेश थीम' पर आयोजित होगा। जिसमें देशी-विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए यूपी के विभिन्न जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी, प्रसिद्ध खान पान की स्टालें लगाई जाएंगी, साथ ही मनोरंजन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक भी देखने को मिलेगी।
बैठक में मंडलायुक्त ने 'प्री ताज महोत्सव' में यूपी की ODOP उत्पादों की प्रदर्शनी और प्रसिद्ध लज़ीज़ व्यंजन की स्टालें लगाने के निर्देश दिए। प्रत्येक दिन विख्यात व प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। मंडलायुक्त ने पूरे कार्यक्रम स्थल को उत्तर प्रदेश-राजस्थानी-गुजराती संस्कृति के परिवेश में रंगे जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जगह-जगह गरबा-डांडिया नृत्य और हाथी-ऊँट की सवारी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि प्री ताज महोत्सव एक भव्य और शानदार आयोजन होना चाहिए। इसलिए इसकी तैयारियों में खानापूर्ति न की जाए। इस महोत्सव के लिए शिल्पग्राम स्थल को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि ताजमहल देखने आने वाला हर पर्यटक प्री ताज महोत्सव में जरूर शामिल होगा।
: गायत्री शक्तिपीठ पर निःशुल्क किया गया पितरों का तर्पण
Fri, Sep 29, 2023
झांसी।
गायत्री शक्तिपीठ आंतिया तालाब पर प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्रृद्धालुओं को पितरों का श्राद्ध तर्पण कर्म करने की निःशुल्क व्यवस्था की गयी। जिसमें झांसी के लगभग 200 परिजनों ने भाग लिया। तर्पण करने में महिलाओं की भी भागीदारी रही।
तर्पण का कार्यक्रम प्रतिदिन 05.30 बजे से शक्तिपीठ पर सम्पन्न कराया जायेगा। तर्पण हरिकृष्ण पुरोहित एवं अजय शर्मा के द्वारा कराया जायेगा।
कार्यक्रम में सूर्या कुशवाहा, आदित्य श्रीवास्तव, दयाराम कुशवाहा आदि ने सहयोग किया।