: वैश्य समाज के प्रति अमर्यादित टिप्पणी पर उबाल, रामेश्वर चौधरी के खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग
Thu, Oct 9, 2025
रायभा प्रकरण से आक्रोशित वैश्य समाज
सुरक्षा, कार्रवाई और माफी की मांग पर अड़ा
जल्द ही करेंगे महापंचायत और जताएंगे कड़ा विरोध
आगरा। अग्रसेन भवन, लोहा मंडी स्थित पुष्पांजलि सभागार में वैश्य एवं व्यापारिक समाज की ओर से गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के पुत्र एवं प्रतिनिधि रामेश्वर चौधरी द्वारा वैश्य समाज के प्रति की गई अपमानजनक, आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की गई। प्रेस वार्ता में उपस्थित वैश्य एवं व्यापारी वर्ग ने बताया कि श्री रामेश्वर चौधरी द्वारा रायभा स्थित पेट्रोल पंप संचालक अनुराग अग्रवाल को फोन पर न केवल धमकी दी गई, बल्कि पूरे वैश्य समाज को अपमानित करते हुए “चर्बी उतरवाने” जैसे असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने वैश्य समाज को डिफॉल्टर तक कहा, जो पूरी तरह निंदनीय, अनैतिक और अक्षम्य अपराध है।
वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति को धमकाने का मामला नहीं है, बल्कि पूरे वैश्य समाज और व्यापारी वर्ग का अपमान है। इस ऑडियो रिकॉर्डिंग के वायरल होने के बाद न केवल आगरा, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के व्यापारी और वैश्य समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। वैश्य समाज ने यह भी आरोप लगाया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पूर्व विधायक चौधरी बाबूलाल और उनके पुत्र द्वारा पूर्व में भी वैश्य समाज के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जाता रहा है। लगभग 25 वर्ष पूर्व अछनेरा स्थित हरप्रसाद जूनियर हाई स्कूल (वर्तमान अछनेरा इंटर कॉलेज) के प्रबंधन पर फर्जी तरीके से कब्जा कर वैश्य समाज का उत्पीड़न किया गया था। यह सिलसिला समय-समय पर विभिन्न रूपों में चलता रहा है।
प्रेस वार्ता में अग्रवाल समाज खेरिया मोड़ के महामंत्री अखिलेश अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय आगरा सेना के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल तथा युवा अग्रबंधु महासभा के संस्थापक अध्यक्ष नीरज अग्रवाल सहित समाज के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक पूर्व विधायक पुत्र रामेश्वर चौधरी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होती और वे अपने अमर्यादित बयान के लिए समाज से सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, वैश्य एवं व्यापारी समाज का विरोध लगातार जारी रहेगा।
वैश्य समाज ने आगरा के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से अनुरोध किया कि अनुराग अग्रवाल की निजी सुरक्षा एवं उनके पेट्रोल पंप की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि वायरल ऑडियो में दी गई धमकी गंभीर स्वरूप की है। वैश्य एवं व्यापारी वर्ग ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आगरा प्रशासन की होगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वैश्य वर्ग सदैव राष्ट्रहित और समाजहित में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। भाजपा के गठन काल से ही वैश्य समाज उसका प्रबल समर्थक रहा है, लेकिन यदि भाजपा नेतृत्व ने इस मामले में उचित कदम नहीं उठाया तो समाज शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात रखेगा और लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा। प्रेस वार्ता के अंत में वैश्य समाज ने घोषणा की कि आगरा एवं आसपास के जिलों के वैश्य प्रतिनिधियों की एक महा पंचायत शीघ्र आयोजित की जाएगी, जिसमें इस प्रकरण पर आगे की रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
इस अवसर पर अग्रवाल संगठन सेवला के महामंत्री राकेश गोयल, अग्रवाल समाज जयपुर हाउस के संजीव जैन, वैश्य एकता परिषद के विकास अग्रवाल, अग्रवाल समाज जयपुर हाउस के शरद मित्तल, वैश्य समाज कागारौल के मोहित गुप्ता, अग्रवाल समाज खेरिया मोड़ के सचिव आशीष सिंघल, प्रचार मंत्री अग्रवाल समाज शिवनारायण अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी भाजपा अर्जुन नगर मंडल आदित्य अग्रवाल, वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय महासचिव किशन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: सीडीओ ने दस महिला टीबी मरीजों को लिया गोद
Wed, Oct 8, 2025
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभी विभागों के प्रतिनिधियों से टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए दिए निर्देश
क्षय रोग उन्मूलन में निक्षय मित्र बनकर निभाएंगे अहम भूमिका युवा
टीबी मरीजों को गोद लेकर प्रेरित करेंगे युवा निक्षय मित्र
निक्षय मित्र टीबी मरीजों को देंगे भावनात्मक सहयोग
आगरा। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। सीडीओ ने इस दौरान सभी विभागों के प्रतिनिधियों से टीबी मरीजों को गोद लेने के निर्देश दिए और उन्होंने गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील की। इस दौरान सीडीओ ने दस महिला क्षय रोगियों को गोद लिया और उन्हें पोषण पोटली प्रदान की।
युवा भी करेंगे सहयोग
बैठक में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में युवाओं द्वारा सहयोग करने पर भी चर्चा हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अब युवा भी राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय ने टीबी मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत कार्य करने वाले युवाओं व संस्थाओं को ‘निक्षय मित्र’ बनाने का फैसला किया है। निक्षय मित्र के तौर पर वे, टीबी रोगियों को गोद लेने, उनकी मनो-सामाजिक सहायता करने, उपचार के तहत सही तरीके से दवाएं लेने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि युवा निक्षय मित्र इंफोग्राफ़िक्स, उत्तरजीवी कहानियाँ और मिथक-तोड़ने वाले संदेशों के माध्यम से टीबी मरीजों व लोगों को जागरुक करेंगे। इसके साथ ही, एनएसएस दिवस, अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस और अन्य प्रमुख आयोजनों के दौरान ‘निक्षय शपथ’ समारोह आयोजित भी किए जाएंगे। सभी युवा निक्षय मित्र टीबी सेल के साथ समन्वय कर योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्य करेंगे।
डीटीओ ने बताया कि युवा वर्ग को ओरिएंटेशन के माध्यम से बताया जाएगा उन्हें टीबी उन्मूलन में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अभियान के तहत, युवा वर्ग को टीबी के बारे में जागरूक किया जाएगा और उन्हें टीबी उन्मूलन में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, मुंह से खून आना, सीने में दर्द होना, सांस लेने में तकलीफ होना, वजन कम होना, भूख न लगना, थकान होना, गर्दन में गिल्टी/गांठे, बांझपन और कोई अन्य लक्षण हों तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या फिर निक्षय दिवस में आकर अपनी टीबी की जांच अवश्य कराएं। टीबी का उपचार संभव है, सरकार द्वारा इसकी जांच व उपचार मुफ्त होता है। इसके साथ ही टीबी मरीजों को स्वस्थ होने तक उनके बैंक खाते में निक्षय पोषण योजना के तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।
आगरा शहर की 13 वर्षीय निवासी खुशी गौतम (बदला हुआ नाम) ने बताया कि सीडीओ मैडम ने उन्हें पोषण किट प्रदान की और उनके उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सीडीओ मैडम ने उन्हें समय पर दवा सेवन करने की सलाह दी और बताया कि एक भी दिन दवा छोड़ने से उपचार में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा, उन्होंने उपचार के दौरान मास्क लगाने के महत्व पर जोर दिया ताकि किसी अन्य व्यक्ति को टीबी का संक्रमण न फैले। सीडीओ मैडम ने पौष्टिक आहार के सेवन की सलाह देते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और वह पूरी तरह से ठीक हो जाएंगी।
आयोजित कार्यक्रम में नेशनल ट्यूबरक्लोसिस एलिमिनेशन प्रोग्राम की टीम का विशेष सहयोग रहा इस मौके पर डिप्टी डीटीओ डॉ॰ एसके राहुल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, अधीक्षक सहित समस्त विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे l
: 12 अक्टूबर को मनेगा संस्कार भारती का दीपावली आनन्द मेला
Wed, Oct 8, 2025
जयपुर हाउस, श्रीराम पार्क में आयोजित होगा मेला
मेले में स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर नारीशक्ति को किया जाएगा प्रोत्साहित
9 अक्टूबर को होगी मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम संग विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
शंख बजाने की प्रतियोगिता होगी मुख्य आकर्षण
आगरा। संस्कार भारती, पश्चिम प्रताप, आगरा महानगर, ब्रज प्रान्त द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर ‘दीपावली आनन्द मेला’ श्री राम पार्क, जयपुर हाउस में रविवार 12 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए मनोरंजक व खास होगा। प्रताप नगर बुर्जी वाला मंदिर में करवा चौथ के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। यह जानकारी आज प्रताप नगर स्थित संस्कार केन्द्र में आयोजित आमंणत्र पत्र विमोचन कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने दी।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं वरिष्ठ प्रचारक विजय कुमार ने कहा कि तीज त्यौहार उत्सवों के आयोजनों द्वारा भारतीय संस्कृति और संस्कारों का स्वाभाविक रूप से अगली पीढ़ी को ज्ञान होता है। संस्कार भारती के द्वारा आयोजित चौबीसवां दीपावली आनन्द मेला इस दिशा में बड़ा कदम है। मेले में नीता गर्ग, मीना अग्रवाल और अनीता भार्गव के संयोजन में स्वर्णिम भारत की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे जिनको कोरियोग्राफर पुरुषोत्तम मयूरा द्वारा तैयार करवाया जा रहा है।
डा. आभा गुप्ता (राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश सरकार की सदस्या) द्वारा तैयार किए चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता, अमित अग्रवाल के निर्देशन में महाभारत पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, कलश सज्जा प्रतियोगिता, थाल सज्जा प्रतियोगिता, विविध वेश प्रतियोगिता सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। घर घर में शंख बजाने को प्रोत्साहित करने के लिए शंख बजाने की प्रस्तुतियां करवाई जाएंगी। सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जयराम दास होतचंदानी, रमेश चन्द अग्रवाल नमक वाले, गौरव बंसल धूम पायल, गौरव जिंदल डायरेक्टर रामानुज इंटर कॉलेज, रामघनश्याम दास अग्रवाल, डॉ ऋषि महाजन, राकेश अग्रवाल आर के मार्केटिंग, सुरेश चन्द्र अग्रवाल जैगरा वाले, महेन्द्र खंडेलवाल, तपेश जैन, ब्रिजेश सूतेल, नवीन उपाध्याय, चौधरी राजन सिंह, रवि नारंग, होली लाइट पब्लिक स्कूल, सी ए संजय अग्रवाल, माही इंटरनेशनल, दिनेश अग्रवाल डेरी, डा विनोद माहेश्वरी, प्रांत प्रचारक प्रमुख प्रीतम जी, फतेहपुर सीकरी के जिला संपर्क प्रमुख, प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, महानगर अध्यक्ष आर्कीटेक्ट राजीव द्विवेदी, समिति के अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल सुपारी वाले, महानगर के महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, महानगर के कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल (फर्नीचर), महोत्सव के सर्वव्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल, प्रभारी श्याम तिवारी, मेला संयोजक आशीष जैन, मेला सह संयोजक नीता गर्ग, शुभांशू गर्ग और राकेश पाठक, कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंघल प्रभु दत्त उपाध्याय, उपाध्यक्ष इंजीनियर सुरेश चन्द्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।