रुद्राभिषेक एवं पूजन समारोह : रुद्राभिषेक से गूंजा शिवत्व, वैदिक मंत्रों और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर हुआ वातावरण
Pragya News 24
Sun, Aug 9, 2026
आगरा। भगवान शिव की आराधना, वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच सुनीता गुप्ता एवं डॉ. सुशील गुप्ता के निवास पर पावन रुद्राभिषेक एवं पूजन समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रों की दिव्य गूंज, शिव स्तुति एवं सामूहिक प्रार्थना से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस विशेष आध्यात्मिक आयोजन की श्रृंखला में पिछले आठ दिनों के दौरान 21 से अधिक रुद्राभिषेक एवं पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुए। इन अनुष्ठानों के लिए बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम से ब्रह्मचारी देव चैतन्य जी, पंडित श्रवण पांडे जी एवं सचिन मिश्रा जी विशेष रूप से पधारे और वैदिक विधि-विधान से पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराए।
वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा वातावरण
रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति और सामूहिक प्रार्थना से वातावरण अत्यंत दिव्य एवं भक्तिमय हो गया। आयोजन के दौरान हुए सत्संग में आंतरिक शांति, सेवा, करुणा, सकारात्मकता एवं मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि आध्यात्मिक साधना व्यक्ति को बाहरी परिस्थितियों के साथ-साथ अपने भीतर झांकने और आत्मिक शांति प्राप्त करने का अवसर देती है। सामूहिक प्रार्थना और सेवा की भावना समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
शिक्षकों एवं समन्वयकों की रही सहभागिता
इस आध्यात्मिक यात्रा में वीडीएस कोऑर्डिनेटर रानी बसलस, कंचन आहूजा, सीमा, जिला शिक्षक समन्वयक मुक्ता चतुर्वेदी, स्टेट टीचर कोऑर्डिनेटर डॉ. रश्मि मिश्रा, स्टेट चिल्ड्रन एवं टीन कोऑर्डिनेटर रुचिरा ढल सहित वरिष्ठ शिक्षक सुनील अग्रवाल, नीता शर्मा एवं ममता रल्ली तथा गायक रवि खुल्लर की विशेष सहभागिता रही।
‘शिव आराधना स्वयं के भीतर चेतना जगाने का माध्यम’
डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, संतों, पंडितों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिव आराधना केवल एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर शांति, करुणा और चेतना को जागृत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब सामूहिक रूप से प्रार्थना और सेवा की भावना जागृत होती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव व्यक्ति तक सीमित न रहकर पूरे समाज तक पहुंचता है। आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से मानवीय मूल्यों को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास होना चाहिए।
पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन भगवान शिव से सर्वजन के सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन