संत रविदास जयंती : संत रविदास जयंती पर तीन दिवसीय समरसता महोत्सव 2 से, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महासभा द्वारा होगा आयोजन
Pragya News 24
Mon, Sep 28, 2026
आगरा। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महासभा द्वारा तीन दिवसीय समरसता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर को बीएसएनएल ग्राउंड, तारघर चौराहा पर होगा। इसमें आगरा के साथ आसपास के विभिन्न जिलों से पांच हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव के दौरान संत रविदास जी के जीवन, व्यक्तित्व और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव के आमंत्रण पत्र एवं कैलेंडर का विमोचन सोमवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में किया गया। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों ने तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी।
अध्यक्ष रमेश कर्दम ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 2 अक्टूबर को अखिल भारतीय समरसता प्रमुख रवि तिलकोते एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग के कैबिनेट मंत्री
भूपेंद्र चौधरी द्वारा समरसता सम्मेलन तथा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा।
प्रदर्शनी में संत रविदास जी के जीवन संघर्ष, उनके विचारों, सामाजिक समरसता के संदेश और समाज के लिए उनके योगदान को विभिन्न माध्यमों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही एमएसएमई एवं चर्मकर व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को दी जाएगी, जिससे समाज के युवाओं और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिल सके।
महासभा के सचिव अभिनव मौर्य ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 3 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे से सुखमनी सेवा सभा के संस्थापक सरदार महेंद्र पाल सिंह सत्संग में प्रवचन देंगे। सत्संग के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों, मानवता, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसके बाद शाम 6 बजे कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक चेतना, राष्ट्रप्रेम, समरसता और संत परंपरा के संदेश को प्रस्तुत करेंगे।
महोत्सव के अंतिम दिन 4 अक्टूबर को कथा व्यास भाई जी अजय, दिल्ली द्वारा संत रविदास कथा का वाचन किया जाएगा। श्रद्धालु उनके मुखारविंद से संत रविदास जी के जीवन, दर्शन और आध्यात्मिक संदेश का श्रवण करेंगे।
कथा के पश्चात रामदासिया समाज सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के साथ प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी विजय सामा ने बताया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के जीवन एवं विचारों से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्कूलों में उनके जीवन पर आधारित निबंध प्रतियोगिता कराई गई है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभावान बच्चों को भी रामदासिया समाज सम्मान समारोह के अंतर्गत सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल जयंती समारोह तक सीमित न रहकर संत रविदास जी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना है।
महोत्सव को लेकर महासभा द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आगरा के साथ आसपास के जिलों से समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है। तीनों दिन धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानव सेवा के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर संरक्षक मनोज राजोरा, नितेश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रमुख प्रमोद महाजन, डॉ. निष्ठा शर्मा, अंजली, अशोक पिप्पल आदि उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन