प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के विद्यार्थियों ने सीखे सफलता के मंत्र
Pragya News 24
Tue, Sep 29, 2026
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित दिशा, रणनीति और व्यावहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं क्राइस्टु जयन्ती विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस पवन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, अध्ययन पद्धति, परीक्षा की प्रकृति, समय प्रबंधन और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन करने तथा समसामयिक घटनाक्रमों पर निरंतर नजर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
सिर्फ अधिक अध्ययन नहीं, सही रणनीति भी जरूरी
पवन कुमार सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए केवल अधिक अध्ययन करना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए सही दिशा, प्रभावी रणनीति, निरंतर अभ्यास, समय का सदुपयोग और आत्मविश्वास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए परीक्षा की तैयारी से जुड़े व्यावहारिक सुझाव साझा किए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दृष्टि IAS द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सहयोग एवं मार्गदर्शन की जानकारी भी दी।
क्षमता और रुचि के अनुरूप तय करें लक्ष्य
संस्थान के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित तरीके से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन सत्र विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सही दिशा देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ से पूछे करियर और परीक्षा संबंधी सवाल
कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ से परीक्षा पैटर्न, अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन एवं करियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वर्षा रानी ने किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए मार्गदर्शन सत्र के उद्देश्य एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला और अतिथियों तथा प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
धन्यवाद ज्ञापन पत्रकारिता विभाग के डॉ. संदीप शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. केशव शर्मा, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. मोहिनी दयाल, डॉ. रमा, कंचन, प्रीति, उपेंद्र पचौरी एवं विशाल शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने निर्धारित लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन