‘मीट एट आगरा’ : ‘मीट एट आगरा’ बना फुटवियर कारोबार में नए अवसरों और इनोवेशन का मंच
Pragya News 24
Mon, Oct 5, 2026
आगरा। तकनीक, कारोबार और नए व्यावसायिक रिश्तों के संगम के रूप में 18वां ‘मीट एट आगरा’ फुटवियर उद्योग के लिए नई संभावनाओं का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में चल रहे फेयर के दूसरे दिन रविवार को 8,126 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 3,749 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 576 भावी उद्यमी शामिल रहे। दिनभर प्रदर्शनी में आधुनिक मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स, नए मटेरियल्स और उत्पादन तकनीकों को समझने के साथ कारोबारियों के बीच बिजनेस इंक्वायरी और संवाद का सिलसिला जारी रहा।
बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच सीधा संवाद
फेयर के दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद कार्यक्रम रहा। इसमें फुटवियर उद्योग की बदलती जरूरतों, उत्पाद की गुणवत्ता, डिजाइन, सोर्सिंग, समयबद्ध आपूर्ति और बाजार की अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
निर्माताओं और बाइंग एजेंट्स के बीच सीधे संवाद ने बाजार की मांग को समझने और उसके अनुरूप उत्पादन को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम में आगरा के पूर्व जीएसटी कमिश्नर ललन कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि सीफी के नेशनल प्रेसिडेंट इन्दर छाबड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ललन कुमार ने कहा कि तकनीक, गुणवत्ता और पारदर्शी कारोबारी व्यवस्था के साथ आगे बढ़ता फुटवियर उद्योग देश के औद्योगिक विकास और निर्यात में और बड़ी भूमिका निभा सकता है।
इन्दर छाबड़ा ने कहा कि निर्माताओं, बाइंग एजेंट्स और बाजार के बीच मजबूत समन्वय भारतीय फुटवियर उद्योग को घरेलू और वैश्विक बाजार में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स का सम्मान
उद्योग और बाजार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में योगदान देने वाले बाइंग एजेंट्स को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इनमें एल.के. चाहर, रवीश पीपल, वरुण कोचर, संजीव तिवारी, दिव्यांशु मित्तल, दलजीत सिंह, सचित कुमार, मुकेश गोस्वामी, पवन शर्मा, सौरव गौतम, वेद प्रकाश यादव, पंकज यादव, अविरल उपाध्याय, रिकी अग्रवाल, राजीव जैन, विकास कुमार, राजेश राणा, इरफान फरीदी, चंद्रवीर सिंह चौहान, पंकज सिंह और अनीत पचौरी शामिल रहे।
इसी अवसर पर रोजगार के अवसर सृजित करने, राजस्व बढ़ाने, ‘मेक इन इंडिया’ मिशन को गति देने, देश में मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने और निर्यात के माध्यम से भारत के निर्यात लक्ष्यों में योगदान देने वाले फैक्ट्री ओनर्स को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने कहा कि फैक्ट्री ओनर्स का योगदान भारतीय फुटवियर उद्योग की उत्पादन क्षमता और निर्यात संभावनाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।
नई तकनीक और चाइना पवेलियन में रही विशेष रुचि
दूसरे दिन बिजनेस विजिटर्स ने फुटवियर निर्माण में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनरी, नए मटेरियल्स, कंपोनेंट्स और उत्पादन तकनीकों में विशेष रुचि दिखाई। उद्यमियों ने प्रदर्शकों से सीधे संवाद कर तकनीकों की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता, लागत और व्यावहारिक उपयोग की जानकारी हासिल की।
हॉल-बी स्थित चाइना पवेलियन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। चीन से आए प्रदर्शकों ने फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी का प्रदर्शन किया। भारतीय उद्यमियों ने इन उत्पादों को करीब से समझने के साथ सोर्सिंग, तकनीकी सहयोग और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं पर भी चर्चा की।
उद्योग की जरूरतों से तकनीक को जोड़ना लक्ष्य : गोपाल गुप्ता
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा, “मीट एट आगरा का उद्देश्य नई तकनीक को केवल प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि उसे उद्योग की वास्तविक जरूरतों और कारोबार से जोड़ना है। बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच सीधा संवाद इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन और बाजार की जरूरतों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। निर्माता, सप्लायर, खरीददार और तकनीक प्रदाता का एक मंच पर आना उद्योग के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।
फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने कहा कि दूसरे दिन बिजनेस विजिटर्स की उत्साहजनक भागीदारी और प्रदर्शकों के साथ हुए सीधे संवाद ने ‘मीट एट आगरा’ को वास्तविक कारोबारी मंच के रूप में और मजबूत किया है।
दूसरे दिन फेयर के आंकड़े
- कुल विजिटर्स: 8,126
- पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स: 3,749
- भावी उद्यमी: 576
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल, फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा और पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन