रामलीला महोत्सव-2026 : मेहंदी, संगीत और लगन से सजा अग्रवन, राम के हाथों में रची ‘सीता’ नाम की मेहंदी
Pragya News 24
Mon, Oct 5, 2026
आगरा। वॉटर वर्क्स स्थित अग्रवन सोमवार को श्री रामलीला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित मेहंदी, संगीत एवं लगन समारोह में अयोध्या नगरी की भव्य छवि में नजर आया। प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के विवाहोत्सव की मंगल रस्मों के बीच पूरा परिसर रामनाम और मंगल गीतों से गूंजता रहा। प्रभु श्रीराम के हाथों में जब ‘सीता’ नाम की मेहंदी रची गई तो श्रद्धालुओं ने ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह का आयोजन राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल की ओर से किया गया। प्रवेश द्वार से लेकर पूरे अग्रवन परिसर तक भक्ति और विवाहोत्सव का उल्लास दिखाई दिया। राजा जनक के स्वरूप अशोक गोयल एवं रानी सुनैना के स्वरूप ने परिवार सहित राजा दशरथ के निवास पर पहुंचकर शगुन की थाल भेंट की। दशरथ परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया, जिसके बाद राम विवाह की मंगल रस्मों का विधिवत शुभारंभ हुआ।
मां कौशल्या ने उतारी नजर, भाभी ने लगाया काजल
समारोह में पारिवारिक स्नेह और वात्सल्य की झलक भी देखने को मिली। मां कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने प्रभु श्रीराम सहित चारों भाइयों की नजर उतारी। भाभी निमिषा सिंघल ने काजल लगाकर स्नेह जताया, जबकि बहन आयुषी गर्ग ने चारों भाइयों की आरती उतारकर मंगलकामना की। इन रस्मों ने पूरे आयोजन को पारंपरिक पारिवारिक विवाह समारोह का भाव प्रदान किया।
चारों भाइयों के हाथों में रची मेहंदी, राम के हाथ पर लिखा ‘सीता’ नाम
राजा दशरथ के परिवार की महिलाओं ने प्रभु श्रीराम सहित चारों राजकुमारों के हाथों में मेहंदी लगाकर विवाह की शुभ रस्म निभाई। रश्मि, रेनू, सारिका और विनीता ने चारों भाइयों के हाथों में मेहंदी सजाई। प्रभु श्रीराम के हाथ पर ‘सीता’ नाम की मेहंदी लिखे जाने के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। ‘जय श्रीराम’ और ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के जयघोष के बीच मंगल गीतों ने वातावरण को और भक्तिमय बना दिया। मेहंदी के साथ हल्दी की रस्म भी हुई और परिवार की महिलाओं ने संगीत की धुनों पर मंगल गीत गाकर विवाहोत्सव की खुशियां मनाईं।
लगन टीका में गूंजे मंगल जयकारे
मेहंदी और संगीत के बाद प्रभु श्रीराम का लगन टीका समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक बड़े दिनेश जी ने श्रीराम सहित चारों भाइयों के स्वरूपों की आरती उतारकर मंगल आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जौहरी, मनोज अग्रवाल और मोनिका जौहरी सहित कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत, बच्चों ने बढ़ाई समारोह की रौनक
समारोह में कृष्णा गर्ग, रजत सिंघल, मनोज अग्रवाल ‘पोली भाई’ और राजेश खुराना ने अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों की उपस्थिति ने भी आयोजन की रौनक बढ़ाई। क्रीयांशु, अनिका, जय, आदित्य और प्रथमय सहित अन्य बच्चे समारोह में शामिल रहे।
संगीत की धुनों पर शहरवासियों को मिला राम बरात का न्योता
मेहंदी, हल्दी और लगन की मंगल रस्मों के बीच राजा दशरथ की ओर से संगीत की धुनों पर शहरवासियों को प्रभु श्रीराम की राम बरात में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। इस दौरान पूरे परिसर में विवाहोत्सव की उमंग और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह ने श्रीराम विवाह की पारंपरिक लोक-संस्कृति और धार्मिक भावनाओं को जीवंत कर दिया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन