चैम्बर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन : हाथरस में एसएमई आईपीओ और खाद्य सुरक्षा पर विशेष कार्यशाला, उद्यमियों को मिले उद्योग विस्तार और कंप्लायंस के गुर
Pragya News 24
Thu, Nov 19, 2026
छोटी इकाइयां भी आईपीओ के जरिए जुटा सकती हैं पूंजी, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर दिया जोर
वाधवानी फाउंडेशन और नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क के सहयोग से आयोजित हुआ कार्यक्रम, खाद्य उत्पादों में रंगों के निर्धारित मानकों की दी जानकारी
हाथरस, 19 नवंबर। चैम्बर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (CFPIA), हाथरस चैप्टर एवं नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क (NEN) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिजॉर्ट में उद्यमियों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। 'IPO Readiness Session – From Growth to Listing' विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में उद्यमियों को एसएमई आईपीओ, वित्तीय प्रबंधन, उद्योग विस्तार और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों एवं मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को वाधवानी फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, अलीगढ़ मंडल अजय जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर CFPIA के अध्यक्ष राजकुमार भगत, हाथरस चैप्टर के चेयरमैन रतन बिहारी अग्रवाल, को-चेयरमैन नितिन अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, विशाल चाहर, रॉबिन वार्ष्णेय सहित हाथरस के प्रमुख खाद्य प्रसंस्करण उद्यमी उपस्थित रहे।
छोटी इकाइयों के लिए भी आईपीओ बना विकास का अवसर
कार्यशाला में एसएमई आईपीओ विशेषज्ञ एवं कंपनी सेक्रेटरी अनुज अशोक अग्रवाल ने उद्यमियों को आईपीओ की प्रक्रिया और उससे मिलने वाले आर्थिक अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटी औद्योगिक इकाइयां भी बड़े विजन के साथ आगे बढ़ सकती हैं। किसी भी उद्योग की सफलता के लिए वित्तीय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है। एसएमई आईपीओ के माध्यम से कंपनियां पूंजी बाजार से वित्तीय संसाधन जुटाकर अपने कारोबार का विस्तार कर सकती हैं। आज छोटी इकाइयों के लिए भी आईपीओ के जरिए विकास और विस्तार के नए रास्ते खुले हैं।
कंप्लायंस, तकनीक और ब्रांडिंग से मजबूत होगा उद्योग
वाधवानी फाउंडेशन की नीता प्रसाद ने कहा कि उद्योगों को दीर्घकालिक विकास के लिए सभी आवश्यक कंप्लायंस का पालन करते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को तकनीक, वित्तीय सहायता, सपोर्ट, प्रोटेक्शन, सप्लाई चेन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग प्रदान करता है। नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क के कार्यक्रमों के माध्यम से औद्योगिक विकास और उद्यमियों की क्षमताओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होगा : अजय जायसवाल
मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अजय जायसवाल ने उद्यमियों से सीधा संवाद करते हुए खाद्य सुरक्षा से जुड़े केंद्र एवं राज्य सरकार के नियमों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले फूड कलर की गुणवत्ता, निर्धारित मात्रा और उसके सही उपयोग पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग उद्यमियों के साथ खड़ा है, लेकिन खाद्य सुरक्षा के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन खाद्य उत्पादों में प्राकृतिक रूप से रंग मौजूद होता है, जैसे सब्जियां, फल, ड्राई फ्रूट्स और दूध आदि, उनमें बाहरी खाद्य रंगों का प्रयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने खाद्य रंगों की निर्धारित सीमा समझाते हुए बताया कि 100 पीपीएम का अर्थ 10 किलोग्राम खाद्य पदार्थ में अधिकतम 1 ग्राम रंग की मात्रा है। इसके लिए निर्धारित गुणवत्ता वाला BIS मार्का खाद्य रंग ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। निर्धारित मात्रा से अधिक रंग का उपयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए उन्हें विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और नियमों की नियमित जानकारी रखनी चाहिए। प्रदेश सरकार खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है।
फूड प्रोसेसिंग में हाथरस की बढ़ती पहचान : रतन बिहारी अग्रवाल
CFPIA हाथरस चैप्टर के चेयरमैन रतन बिहारी अग्रवाल ने कहा कि हाथरस जिला खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। हाथरस लंबे समय से हींग के लिए प्रसिद्ध रहा है, लेकिन अब यहां विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण और प्रसंस्करण का भी व्यापक विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि जिले में फूड कलर, कन्फेक्शनरी, मसाले, घी-तेल, मिठाई और नमकीन सहित अनेक खाद्य उत्पादों का बड़े स्तर पर निर्माण हो रहा है। उन्होंने उद्यमियों से संगठित होकर काम करने, उद्योगों का विस्तार करने और सभी आवश्यक कंप्लायंस का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हाथरस देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता रखता है।
कार्यक्रम का संचालन चैप्टर के मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल रावी ने किया। अंत में नितिन वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक लंच के साथ हुआ।
Tags :
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
Hathras News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन