: बंदी साधना अभियान के अन्तर्गत दीपयज्ञ
Fri, Oct 6, 2023
आगरा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शान्तिकुंज हरिद्वार के तत्त्वावधान में गायत्री परिवार आगरा के द्वारा जिला जेल में बंदी साधना अभियान के अन्तर्गत दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा भारतवर्ष के विभिन्न प्रान्तों की जेलों में लगातार चलाये जा रहे बंदी साधना कार्यक्रम के अन्तर्गत जिला जेल, खन्दारी, आगरा में गायत्री दीपमहायज्ञ का कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जेलर बी.के गौतम, डिप्टी जेलर अंजनि कुमार के द्वारा गायत्री माता एवं परम पूज्य गुरुदेव श्रीराम शर्मा आचार्य व माता भगवती देवी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
परिव्राजक बैजनाथ ने बंदियों को मनुष्य में देवत्व का उदय - धरती पर स्वर्ग का अवतरण के उद्देश्य के अन्तर्गत बंदियों को साधना से जोड़ने के लिए गायत्री मंत्र लेखन हेतु जागरुक किया। बंदी साधना अभियान के अन्तर्गत युग पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारी को लेकर चर्चा की गयी।
जिला संयोजक गिरधर गोपाल ने जेलर बी.के गौतम एवं डिप्टीे जेलर अंजनि कुमार का तिलक व दुुपट्टा पहना कर स्वागत किया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार से रघुराज सिंह, सरोज शर्मा, प्रशान्त बाबू का सहयोग रहा।
: दो दिन में संयुक्त ओडीओपी उत्पाद तैयार करने को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने दिए निर्देश
Thu, Oct 5, 2023
आगरा. 05 अक्टूबर। आज गुरूवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आगरा मंडल के संयुक्त ओडीओपी उत्पाद को लेकर बैठक हुई। बैठक में विभिन्न स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए उत्पादों, संयुक्त पैकेजिंग, ब्राडिंग और मार्केटिंग के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी। संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार द्वारा बताया गया कि अभी तक चारों जिलों के यूनिक उत्पादों का चयन कर लिया गया है जिसमें आगरा से चर्म और मार्बल उत्पाद, फिरोजाबाद से कांच के उत्पाद, मथुरा से ठाकुर जी की पोशाक व मुकुट, कंठी माला, श्रंगार मूर्ति तथा मैनपुरी से तारकशी एवं एंब्रोयडी वर्क वाले वस्त्र शामिल हैं। इन उत्पादों के क्राफ्ट विवरण और बेहतरीन डिजायनिंग पर विचार किया जा रहा है। वहीं मंडलायुक्त ने चारों जिलों के सीडीओ से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गये उत्पादों, उनकी विशेषता एवं कीमत के बारे में जानकारी ली।
मंडलायुक्त महोदया ने निर्देश दिए कि मंडल के संयुक्त ओडीओपी उत्पाद के तहत हमें सिर्फ स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गये अच्छे उत्पादों का ही चयन करना है। चारों जिलों के सीडीओ से कहा कि 8 अक्टूबर तक संयुक्त ओडीओपी उत्पाद का पैकेज तैयार हो जाना चाहिए जिसमें प्रत्येक जिले का यूनिक उत्पाद शामिल हो। अच्छी ब्राडिंग और मार्केटिंग के लिए बढ़िया पैकेजिंग पर भी जोर दिया। इसके लिए सैंपल के तौर पर मैनपुरी सीडीओ को एक लकड़ी का बॉक्स जिसमें बेहतरीन तारकशी हो, तैयार करने को कहा। पैकेजिंग में अंदर और बाहर उत्पाद की गुणवत्ता, कीमत और इसे तैयार करने वाले एसएचजी (स्वयं सहायता समूह) की पूरी जानकारी होगी।
मंडलीय ओडीओपी का संयुक्त उत्पाद पैकेज तैयार करने के साथ ही इसे पहचान दिलाने हेतु एक विशेष नाम और टैगलाइन देने के लिए सीडीओ को निर्देश दिए। इसके अलावा ऑफलाइन और ऑनलाइन इन उत्पादों की प्रभावी रूप से प्रचार प्रसार व बिक्री हो सके, इन उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए प्रत्येक जिले में एक ऐसा स्थान चिन्हित किया जाये जहां ज्यादा से ज्यादा लोग रूबरू हो सकें, इसके लिए संयुक्त आयुक्त उद्योग को निर्देशित किया।
: दो माह पुराने शव की शिनाख्त में जुटी पुलिस, उम्र को लेकर संशय जारी
Thu, Oct 5, 2023
Agra. आगरा के जिला अस्पताल में एक शव को लाया गया था। शव किसी नाबालिग का है या फिर वयस्क का। इसका पता लगाने के लिए जिला अस्पताल में उसके शव का एक्सरा किया गया। इस बॉडी को पोस्टमार्टम ग्रह से भेजा गया था। चिकित्सकों ने तुरंत इस बॉडी का एक्सरा कराया और फिर पोस्टमार्टम ग्रह भिजवा दिया।
मामला बाह पिनाहट क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला था। शव भी दो माह पुराना बताया जा रहा है जिसके सिर में गोली लगी हुई है यानी गोली मारकर इसकी हत्या हुई थी। शव की दुर्गति हो रखी थी। पुलिस ने तुरंत कानूनी कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था लेकिन उसकी उम्र पुलिस के लिए पहेली बनी हुई थी।
उम्र की पहेली को सुलझाने के लिए पोस्टमार्टम से शव को जिला अस्पताल भेजा गया। यहाँ पर शव का एक्सरा हुआ और उसकी उम्र से संबंधित रिपोर्ट चिकित्सकों ने दी। शव को लेकर आये पोस्टमार्टम कर्मचारियों ने बताया कि अज्ञात शव मिला है उसकी उम्र को लेकर संशय से बना हुआ है।